दिग्गज अभिनेता अरुण बाली का शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया। मायस्थेनिया ग्रेविस नामक बीमारी से ग्रसित अरुण बाली ने 79 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। बता दें कि '3 इडियट्स', 'केदारनाथ', 'पानीपत' जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता को यह बीमारी इसी साल जनवरी महीने में हुई थी। बीमारी के बारे में पता चलने के बाद से ही उनका इलाज चल रहा था, हालांकि उनकी हालत में सुधार नहीं आया और वह मौत से जंग हार गए। गौरतलब है कि यह दुर्लभ बीमारी सिर्फ अरुण बाली को ही नहीं बल्कि अमिताभ बच्चन को भी है।
'कुली' के दौरान हुई दुर्घटना के बाद अमिताभ बच्चन को दवाईयों के भारी डोज लेनी पड़ी थी। जिसकी वजह से एक्सीडेंट के कुछ समय बाद ही उन्हें मायस्थेनिया ग्रेविस नामक बीमारी हो गई। इतना ही नहीं अमिताभ बच्चन एक वक्त पर टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित रह चुके हैं। वहीं 2006 में उन्हें पता लगा था कि उन्हें हेपेटाइटिस बी भी है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि इलाज के बाद उनकी टीबी और हेपेटाइटिस बी ठीक हो गई है। बिग बी के अलावा बॉलीवुड के कई सेलेब्स को गंभीर बीमारी से जूझ चुके हैं। आइए जानते हैं उन सेलेब्स के बारे में...
सलमान खान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ट्रायजेमिनल न्यूरालजिया नामक लाइलाज बीमारी से जूझ चुके हैं। बता दें कि जिस किसी व्यक्ति को यह बीमारी होती है, उसे नसों में असहनीय दर्द उठता है। एक साक्षात्कार के दौरान अभिनेता ने अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए बताया था कि इस बीमारी को सुसाइड डिसीज भी कहा जाता है और इससे जूझते हुई कई बार मुझे भी सुसाइड के ख्याल आ चुके हैं।
प्रियंका चोपड़ा
देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा 5 साल की उम्र से ही अस्थमा से पीड़ित हैं। अभिनेत्री ने इसका खुलासा सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट से ही किया था। इसी वजह से अभिनेत्री कई बार दीपावली पर पटाखे न जलाने को लेकर भी फैंस से अपील कर चुकी हैं।
अनुराग बसु
साल 2004 में बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक अनुराग बसु को ब्लड कैंसर (promyelocytic Leukemia) हो गया था। अनुराग को तो डॉक्टर ने सिर्फ दो महीने का वक्त बता दिया था। इसके बावजूद उन्होंने अपने जज्बे से न सिर्फ इस बीमारी को हराया बल्कि उसी दौरान अपनी फिल्म 'तुम सा नहीं देखा' का हॉस्पिटल से निर्देशन भी किया। पूरे 3 साल तक कीमोथेरेपी कर वापस बॉलीवुड में लौटे।
सैफ अली खान
2007 में दर्द और बेचैनी के कारण सैफ अली खान को अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टर ने माइल्ड हार्ट अटैक की पुष्टि की। डॉक्टर्स का कहना था कि सैफ को मायोकार्डियल इन्फार्क्शन के कारण परेशानी हुई है। स्मोकिंग की लत को इसके लिए जिम्मेदार माना गया।