बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद किरण खेर इन दिनों कैंसर का इलाज करवा रही हैं। वहीं उनके पति और अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी है। किरण खेर को लेकर कई तरह की अफवाहें भी सामने आ चुकी हैं ऐसे में अनुपम पिछले कुछ समय से उनका हेल्थ अपडेट दे रहे हैं। अनुपम खेर ने फैंस और शुभचिंतकों को बताया है कि किरण की तबीयत अब पहले से ठीक है। हाल ही में उनके बारे में बात करते हुए अनुपम ने कहा कि, 'किरण की कैंसर से जंग मुश्किल है, लेकिन उनकी हालत बेहतर है'। किरण का मुंबई में इलाज चल रहा है। कुछ दिनों पहले वो वैक्सीनेशन के दौरान इलाज के बाद पहली बार लोगों के सामने भी आईं थीं। अब उनके स्वास्थ्य के बारे में अनुपम खेर ने एक बार फिर जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने बताया कि हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट डी नीरो भी उनकी पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में पूछते रहते हैं।