बॉलीवुड में कई सुपरस्टार्स आए और गए लेकिन इंडस्ट्री में महानायक का तमगा सिर्फ एक को ही मिला, वह और कोई नहीं बल्कि अमिताभ बच्चन हैं। बिग बी के करियर को बॉलीवुड में पांच दशक का लंबा वक्त हो चुका है। सिनेमा जगत में ऐसे बहुत ही कम कलाकार हैं, जिन्होंने पांच दशक तक अपने हुनर का जौहर दिखाया है। अमिताभ बच्चन बॉलीवुड के सबसे बड़े और नामी अभिनेताओं में से माने जाते हैं। इसके पीछे सिर्फ उनकी दमदार पर्सनालिटी ही नहीं बल्कि अपने अभिनय के टैलेंट से भी बिग बी ने फैंस के दिलों में एक ऐसी अमिट छाप छोड़ी है, जिसे मिटा पाना किसी के बस में नहीं है। बॉलीवुड फिल्मों में डबल रोल वाला फिल्मी मसाला काफी हिट रहा है, जिससे दर्शकों के साथ साथ अभिनेता भी अपने आप को नहीं बचा सके थे। सदियों से फिल्मों में अपना योगदान देने वाले अमिताभ बच्चन भी अपने आप को इस मायाजाल से नहीं बचा पाए थे। अभिनेता ने एक दर्जन से ज्यादा फिल्मों में डबल रोल प्ले करके लोगों का मनोरंजन किया है। यह भी अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, जो बिग बी के पास है। आज अमिताभ बच्चन 80 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन को और भी खास बनाने के लिए 'बॉलीवुड का शहंशाह, 80 साल-80 किस्से' सीरीज के तहत हम आज आपको बिग बी की उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनमें अमिताभ ने डबल रोल प्ले किए हैं।