हिंदी सिनेमा के मशहूर कलाकार कादर खान एक अच्छे हास्य कलाकार और खलनायक तो रहे ही साथ ही संवाद लेखक के तौर पर भी उन्होंने तमाम सुपरहिट फिल्में दीं। उन्होंने अमिताभ बच्चन के लिए कई फिल्मों में डायलॉग लिखे। एक तरीके से कहा जाए तो अमिताभ को इस मुकाम तक पहुंचाने में कादर खान का भी हाथ रहा। कादर खान ने अमिताभ की सुपरहिट फिल्मों अमर अकबर एंथनी, शराबी, लावारिस, अग्निपथ आदि की स्क्रिप्ट भी लिखी। दोनों काफी अच्छे दोस्त हुआ करते थे हालांकि बाद में उनके रिश्ते खराब होते चले गए। एक बार फिर कादर खान का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कादर खान अपने बॉलीवुड स्ट्रगल के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं।
इसमें उन्होंने ये भी बताया कि कैसे अमिताभ बच्चन से उनके रिश्ते खराब हुए और कई फिल्मों से हाथ धोना पड़ा था। साथ ही कादर खान ने बताया था कि राजनीति में जाने के बाद अमिताभ पूरी तरह बदल गए थे। अमिताभ पर सत्ता का ऐसा असर हुआ कि उन्होंने कादर खान को बुरा भला भी कह दिया था।