दिवाली पर बॉक्स ऑफिस का रण देखने लायक होगा क्योंकि दो बहुप्रतीक्षित और सफल फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त एक ही दिन 1 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। एक ओर रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की फिल्म 'सिंघम अगेन' है तो दूसरी ओर कार्तिक आर्यन की हॉरर कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'भूल भुलैया' की तीसरी किस्त 'भूल भुलैया 3'। दोनों फिल्मों का प्रचार-प्रसार चरम पर है। इसी बीच दर्शकों को लुभाने के लिए 'भूल भुलैया 3' के निर्माताओं ने फिल्म का बहुप्रतीक्षित गाना 'अमी जे तोमार 3.0' रिलीज कर दिया है। इसमें एक मंच पर दो बेहतरीन अभिनेत्रियां विद्या बालन और माधुरी दीक्षित की जुगलबंदी किसी सिनेमाई करिश्मा से कम नहीं है।