फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pictures: मनोरंजन के महामुकाबले में माधुरी का जलवा, कंगना, सोनाक्षी, विद्या और राशी का भी मिला साथ

Sat, 30 Apr 2022 10:55 AM IST
पंकज शुक्ल अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 6
मेड इन हेवन, हैप्पी फैमिली कंडिश अप्लाई, जी करदा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अगले पांच साल में होने वाली जबर्दस्त तरक्की के अनुमानों ने दुनिया भर की कंपनियों के कान खड़े कर दिए हैं। पांच साल पहले भारत में अपना कारोबार शुरू करने वाली कंपनी अमेजन प्राइम वीडियो ने इस मुकाबले में शुरुआती बढ़त लेते हुए मुंबई में अपने 30 से अधिक नए कार्यक्रमों का एलान किया। नेटफ्लिक्स के घटते ग्राहकों के बीच अमेजन प्राइम वीडियो ने भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए गुरुवार की रात यहां भारतीय फिल्म जगत के करीब दर्जन भर चोटी के सितारों की नुमाइश करके अपने इरादे साफ कर दिए। 30 के करीब ओरीजनल्स के एलान के साथ ही प्राइम वीडियो ने अपनी तमाम हिट वेब सीरीज के अगले सीजन्स की झलकियां भी इस मौके पर दिखाईं।
 
विज्ञापन

2 of 6
विवेक, अजय देवगन, रोहित शेट्टी, मनोज बाजपेयी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

सितारों की बारात
करीब चार घंटे तक चले किसी फिल्म अवार्ड समारोह सरीखे इस कार्यक्रम में विद्या बालन, कंगना रणौत, सोनाक्षी सिन्हा के अलावा अजय देवगन, शाहिद कपूर, मनोज बाजपेयी, अभिषेक बच्चन, नागा चैतन्य, विजय सेतुपति, रोहित शेट्टी, सिद्धार्थ मल्होत्रा, जयदीप अहलावत, पंकज त्रिपाठी, विजय वर्मा, अन्नू कपूर और रघुबीर यादव जैसे सितारे जमीं पर उतरे, लेकिन इस महफिल को अपने ठुमकों से लूट लिया मोहक माधुरी दीक्षित ने। माधुरी दीक्षित ने एक गुजराती गीत पर अपनी मंडली के साथ स्टेज पर जो नृत्य पेश किया, उसे देख सब वाह कर उठे।

विज्ञापन

3 of 6
बंबई मेरी जान, मार्डन लव मुंबई - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
एलान दर एलान
दो साल तक कभी खुले कभी बंद होते सिनेमाघरों के बीच ओटीटी (ओवर द टॉप) प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की तादाद बेहिसाब बढ़ी है। देश में मुकाबला अब नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, सोनी लिव, डिज्नी प्लस हॉटस्टार और वूट सेलेक्ट के बीच सिमटता दिख रहा है और इस मुकाबले में अगले दो साल के लिए देसी कहानियों और दिग्गज सितारों की मेगा नुमाइश करके प्राइम वीडियो ने शुरुआती बढ़त हासिल करने की पुरजोर कोशिश की है। प्राइम वीडियो प्रबंधन के दिग्गजों की मौजूदगी में हुए इस भव्य कार्यक्रम में देश भर से लोग पहुंचे। हिंदी सिनेमा और दक्षिण भारतीय सिनेमा के बीच शुरू हुए संग्राम का असर भी कार्यक्रम पर दिखा। प्राइम वीडियो ने हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी कई बड़े कार्यक्रमों का एलान इस मौके पर किया। अक्षय कुमार की फिल्म ‘रामसेतु’ का फर्स्ट लुक भी इस मौके पर सामने आया।

4 of 6
नीयत, जुबली - फोटो : सोशल मीडिया
शाहिद कपूर का दिखा स्वैग
प्राइम वीडियो की इस भारतीय महाघोषणा दिवस की शुरुआत शाहिद कपूर और विजय सेतुपति की बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘फर्जी’ के एलान से हुई। नकली नोट छापने वालों की इस कहानी को पेश करने शाहिद और विजय मंच पर आए तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। और, ये तालियां चार घंटे तक हर तीन चार मिनट बाद घोषित होते रही नई वेब सीरीज और फिल्मों के सितारों के मंच पर आते रहने से गूंजती रहीं। मंच पर कंगना रणौत बिल्कुल लाल परी की तरह पेश हुईं। उन्होंने बतौर निर्माता अपनी कंपनी की फिल्म ‘टीकू वेड्स शेरू’ की झलक दिखाई। विद्या बालन की दमक उनकी फिल्म ‘नीयत’ के सितारों के बीच अलग ही आभामंडल के साथ नजर आई। अजय देवगन ने मंच पर आकर अपनी कंपनी की चार फिल्मों ‘रनवे 34’, ‘थैंक गॉड’, ‘दृश्यम 2’ और ‘भोला’ को सिनेमाघरों के बाद प्राइम वीडियो पर ही रिलीज करने की जानकारी साझा की। कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस आगामी फिल्में ‘जुग जुग जियो’, ‘गोविंदा नाम मेरा’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ भी इसी प्लेटफॉर्म पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद आएंगी।
विज्ञापन

5 of 6
हश-हश, पाताल लोक 2, मिर्जापुर 3 - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

सिनेमा मरते दम तक
शाम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा यशराज फिल्म्स की रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘शमशेरा’ का ट्रेलर। इसके अलावा इस कंपनी की चार और फिल्मों ‘जयेशभाई जोरदार’, ‘पृथ्वीराज’, ‘शमशेरा’, ‘टाइगर 3’ और ‘पठान’ को भी सिनेमाघरों के बाद प्राइम वीडियो पर ही रिलीज करने की जानकारी कार्यक्रम के दौरान दी गई। फरहान अख्तर अपनी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के पार्टनर रितेश सिधवानी के साथ आए। उनकी कंपनी प्राइम वीडियो के साथ भारत में उनकी शुरुआत के साथ से रही है। इस कंपनी की जो फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज के बाद प्राइम वीडियो पर प्रसारित होंगी, उनमें ‘फोन भूत’, ‘फुकरे 3’, ‘जी लें जरा’ और ‘खो गए हम कहां’ शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
सोनाक्षी सिन्हा, माधुरी दीक्षित - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सोनाक्षी की ’दहाड’, माधुरी ’मजा मा’
प्राइम वीडियो के भारत में पांच साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए हुए इस कार्यक्रम में सोनाक्षी सिन्हा ने मोटरसाइकिल पर मंच पर आकर माहौल को जोशीला कर दिया। वह अपनी फिल्म ‘दहाड़’ लेकर प्राइम वीडियो पर आ रही हैं। लेकिन, शाम का असली आकर्षण रहीं वे फिल्में जो सीधे प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही हैं। इनमें तेलुगू फिल्म ‘अम्मू’ ने लोगों का खासा आकर्षित किया। धर्मा की फिल्म ‘ऐ वतन, मेरे वतन’ भी सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी। लेकिन, इस शाम को जिस फिल्म की उद्घोषणा ने रंगीन किया वह रही माधुरी दीक्षित और गजराज राव स्टारर फिल्म ‘मजा मा’। इस फिल्म का ऐलान करने से पहले माधुरी ने घाघरा चोली में जो नृत्य मंच पर प्रस्तुत किया, उसने इस शाम में चार चांद लगा दिए। माधुरी दीक्षित की हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘फेम गेम’ ने देश विदेश में खासी शोहरत हासिल की है। ऐसे में प्राइम वीडियो का उन्हें अपने खेमे में लाना एक बड़ा दांव माना जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें