देशभर में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का भयावह रूप देखने को मिल रहा है। साथ ही अन्य गंभीर बीमारियों ने दहशत दोगुना कर दी है। इलाज के लिए जरूरी संसाधनों की कमी के चलते कई मरीज अस्पताल में ही दम तोड़ रहे हैं। वहीं कई फिल्मी सितारों ने भी इस मुश्किल घड़ी में लोगों की मदद के हाथ आगे बढ़ाए हैं। इसी बीच अक्षय कुमार एक बार फिर मदद के लिए सामने आए हैं। इस बार उन्होंने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य फाउंडेशन के डांसर्स के लिए राशन का इंतजाम किया है। ऐसा पहली बार नहीं है जब अक्षय लोगों की मदद कर रहे हैं, इससे पहले भी उन्होंने कोरोना संक्रमितों के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का इंतजाम किया था। साथ ही उन्होंने क्रिकेट से राजनीति में आए गौतम गंभीर फाउंडेशन में भी अपना योगदान दिया था। अक्षय ने फाउंडेशन में एक करोड़ रुपये दान किए थे। अब वे गणेश आचार्य फाउंडेशन के तमाम रजिस्टर्ड डांसर्स की मदद कर रहे हैं।