साल 2019 में चार फिल्मों में लीड रोल और एक फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस करने के बाद बीता साल अक्षय कुमार का कुछ अच्छा नहीं गया। उनकी फिल्म ‘लक्ष्मी’ का जो हाल ओटीटी पर साल 2020 में हुआ उसके चक्कर में ओटीटी वाले अब उनकी नई फिल्मों को हाथ लगाने से पहले सौ बार सोच लेना चाहते हैं। इसी चक्कर में उनकी फिल्म ‘बेलबॉटम’ की रिलीज डेट नहीं घोषित हो रही है। लेकिन, अक्षय कुमार की फिल्म एक्सप्रेस अपनी अलग रफ्तार में दौड़ी जा रही है। रिलीज की राह तक रही पांच पूरी हो चुकी फिल्मों और दो निर्माणाधीन फिल्मों के बाद उनकी आठवीं फिल्म पर सोमवार को काम शुरू हो गया। अक्षय कुमार की फिल्म ‘बेलबॉटम’ को लेकर पिछले साल से ही हल्ला जारी है। निर्माता वाशू भगनानी और जैकी भगनानी ने अपनी फिल्म ‘कुली नंबर वन’ ओटीटी को बेच फिल्म ‘बेलबॉटम’ की शूटिंग ब्रिटेन में पूरी की। लौट के सब लोग घर को आए तो यहां सिनेमाघर मार्च से ही बंद पड़े हैं। फिल्म की रिलीज डेट गड़बड़ाई तो इसे ओटीटी को बेच देने की बातें शुरू हुई। जैकी भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने इस पर एक बयान जारी कर दिया कि फिल्म ‘बेलबॉटम’ को लेकर उनके सिवा कोई दूसरा बात नहीं करेगा। उस बात के बाद से इस फिल्म पर बात ही बंद है। हां, इस बीच जैकी भगनानी को लेकर मुंबई में बातें उस केस की शुरू हो चुकी हैं, जिसमें एक मॉडल ने उन पर अशिष्ट व्यहार के आरोप लगाए हैं।