फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bachchhan Paandey Weekend 1: ‘बच्चन पांडे’ से अक्षय की ब्रांडिंग को लगा जोर का झटका, सात साल की दूसरी सबसे खराब ओपनिंग

Mon, 21 Mar 2022 07:40 PM IST
शशि सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 12
बच्चन पांडे - फोटो : सोशल मीडिया
साल 2011 में फ्लॉप फिल्मों की हैट्रिक लगाने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने बीते 10 साल में अपने करियर को बेहद खूबसूरती से संवारा है। उनकी ढलती उम्र का चढ़ता जादू ये रहा है कि बीते 10 साल में रिलीज हुईं उनकी 30 फिल्मों में से 22 फिल्में ऐसी रही हैं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत वसूलने में कामयाबी पाई या फिर लागत से दूनी या तीन गुनी कमाई की। अक्षय की  दो फिल्मों ‘लक्ष्मी’ और ‘अतरंगी रे’ को सिनेमाघरों तक पहुंचाने के खरीदार न मिलने और बीते हफ्ते रिलीज फिल्म ‘बच्चन पांडे’ के पहले वीकएंड में ही हांफ जाने से हिंदी सिनेमा में अक्षय कुमार की ब्रांड वैल्यू को तगड़ा झटका लगा है। 54 साल के हो चुके अक्षय कुमार के लिए साल 2022 काफी अहम माना जा रहा है। उनकी तीन और फिल्में ‘पृथ्वीराज’, ‘रक्षा बंधन’ और ‘रामसेतु’  इस साल रिलीज होने वाली हैं।
 
विज्ञापन

2 of 12
बच्चन पांडे - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
बच्चन पांडे’ की खराब ओपनिंग
फिल्म ‘बच्चन पांडे’ की पहले वीकएंड की ओपनिंग अक्षय कुमार के करियर की बीते सात साल की दूसरी सबसे खराब वीकएंड ओपनिंग रही है। इससे पहले साल 2015 में रिलीज फिल्म ‘हे बेबी’ ने पहले वीकएंड में सिर्फ 36.07 करोड़ रुपये कमाए थे, देश में सिनेमाघर सौ फीसदी क्षमता से खुलने के बाद अब फिल्म ‘बच्चन पांडे’ ने पहले वीकएंड में सिर्फ 37.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। सिनेमाघरों में रिलीज हुई उनकी बीते साल की दो फिल्मों में से ‘सूर्यवंशी’ सुपरहिट रही, जबकि फिल्म ‘बेलबॉटम’ को कोरोना संक्रमण काल के चलते खासा नुकसान उठाना पड़ा। ये फिल्म चूंकि सीमित क्षमता के साथ रिलीज हुई थी लिहाजा हिट और फ्लॉप की गणना से इसे बाहर रखा गया है।
विज्ञापन

3 of 12
अक्षय कुमार - फोटो : सोशल मीडिया
यूं मिला हिट मशीन का दर्जा
अक्षय कुमार को बॉक्स ऑफिस की हिट मशीन का दर्जा हाल के कुछ बरसों में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में मिला है। 75 से सौ करोड़ की उनकी फीस और इतने की ही फिल्म की बाकी की पूरी मेकिंग मिलाकर निर्माता डेढ़ सौ से 200 करोड़ रुपये के बजट में उनके साथ फिल्में बनाते हैं। फिल्म की दो तिहाई रकम इसके सैटेलाइट राइट्स, ओटीटी राइट्स और म्यूजिक राइट्स से निकालने की कोशिश रहती है औऱ बाकी की एक तिहाई रकम से बॉक्स ऑफिस का दांव खेला जाता है। यहां ये समझने वाली बात है कि बॉक्स ऑफिस पर होने वाली नेट कमाई का 35 से 40 फीसदी हिस्सा ही वापस निर्माता के पास तक पहुंचता है यानी कि फिल्म को अपनी इस बाकी बची एक तिहाई रकम को निकालने के लिए इससे कम से कम तीन गुना रकम बॉक्स ऑफिस पर औसत फिल्म का दर्जा पाने के लिए कमानी होती है। फिल्म उससे ज्यादा कमाई करे तो ही इसे हिट या सुपरहिट का दर्जा मिलता है।

4 of 12
अक्षय कुमार की फिल्म केसरी - फोटो : सोशल मीडिया
‘केसरी’ और ‘मिशन मंगल’ के ‘भारत कुमार’
और, कोरोना संक्रमण काल के ठीक पहले वाले साल यानी साल 2019 में अक्षय कुमार ने ‘केसरी’ और ‘मिशन मंगल’ जैसी दो कामयाब फिल्मों से अपना नए ‘भारत कुमार’ का तमगा और पक्का कर लिया। हिंदी सिनेमा में ‘भारत कुमार’ के नाम से अब तक मनोज कुमार को ही जाना गया है। अक्षय कुमार लगातार देशप्रेम व देशहित से जुड़ी फिल्में करके खुद को सच्चा भारतीय बताने का प्रयास करते रहे हैं। इस साल उनकी दो और फिल्मों ‘गुड न्यूज़’ व  ‘हाउसफुल 4’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया।
विज्ञापन

5 of 12
पैडमैन - फोटो : सोशल मीडिया
‘पैडमैन’ बनकर जीता सरकार का दिल
अक्षय ने ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ वाला अपना रूप साल 2018 में भी जारी रखा। इस साल उन्होंने महिलाओं में मासिक धर्म के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण फिल्म की,  ‘पैडमैन’। फिल्म को हालांकि बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता ही मिली लेकिन इसके निर्माताओं के जरिये वह बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के करीब पहुंचने में सफल रहे। इस साल उनकी दो और फिल्में ‘गोल्ड’ व ‘2.0’ भी रिलीज हुईं। इन फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर ठीक ठाक कारोबार किया।
विज्ञापन

6 of 12
जॉली एलएलबी-2
‘जॉली एलएलबी 2’ ने बदला खेल
साल 2017 से अक्षय कुमार ने ऐसी फिल्में भी शुरू करनी शुरू कीं जिनमें किसी सामाजिक समस्या के इर्द गिर्द एक मनोरंजक कहानी बुनी जाती है और बात को बहुत ही हल्के फुल्के अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया जाता है। फिल्म ‘जॉली एलएलबी 2’ से इसकी शुरुआत हुई और इसी साल अक्षय ने ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ जैसी रोचक फिल्म भी की। एक और फिल्म इस साल अक्षय कुमार की रिलीज हुई  ‘नाम शबाना’। तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्में मानी जाती हैं।
विज्ञापन

7 of 12
एयरलिफ्ट - फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ ने बदल दी ब्रांडिंग अक्षय कुमार को देश का मिजाज बदलने का असली फायदा मिलना शुरू हुआ साल 2016 से। इस साल रिलीज हुई फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ से उनकी ब्रांडिंग भी बदलनी शुरू हुई। ये फिल्म सुपरहिट रही। इसके बाद साल 2016 में रिलीज हुईं उनकी फिल्में ‘हाउसफुल 3’ और  ‘रुस्तम’ भी हिट रहीं। अक्षय कुमार को भी इसी साल अपना आगे का करियर प्लान साफ साफ दिखने लगा और उन्होंने ऐसी फिल्मों को तवज्जो देनी शुरू की जिनमें देश प्रेम की बात अपरोक्ष रूप से कही गई थी।

8 of 12
ब्रदर्स - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
‘ब्रदर्स’ ने दिया जोर का झटका साल 2015 तक अक्षय कुमार का बॉक्स ऑफिस हाल डांवाडोव ही चल रहा था। इस साल भी उनकी चार फिल्में रिलीज हुईं। धर्मा प्रोडक्शन्स की मेगा बजट फिल्म ‘ब्रदर्स’ इस साल सुपरफ्लॉप रही। इसके अलावा उनकी तीन और फिल्में साल 2015 में रिलीज हुईं। इनमें से  ‘बेबी’ और ‘गब्बर इज बैक’ सेमी हिट फिल्में रहीं। फिल्म ‘सिंह इज ब्लिंग’ बमुश्किल अपनी लागत बॉक्स ऑफिस पर वसूल पाई।

9 of 12
बच्चन पांडे - फोटो : सोशल मीडिया
‘बच्चन पांडे’ के निर्देशक संग जोड़ी फ्लॉप साल 2014 में पहली बार अक्षय कुमार ने उन्हीं निर्देशक फरहाद सामजी के साथ पहली बार काम किया जिनकी फिल्म ‘बच्चन पांडे’ ने साल 2022 में अक्षय कुमार के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है। फरहाद सामजी की बतौर निर्देशक डेब्यू फिल्म ‘एंटरेटेनमेंट’ के अलावा इस साल अक्षय की एक और फिल्म ‘द शौकीन्स’ भी फ्लॉप रही।

10 of 12
अक्षय कुमार फिल्म स्पेशल 26 - फोटो : सोशल मीडिया
2013 में दो बड़ी फ्लॉप फिल्में साल 2013 अक्षय कुमार के लिए ठीक नहीं रहा। इस साल निर्देशक नीरज पांडे की बनाई फिल्म ‘स्पेशल 26’ ने वैसा कारोबार नहीं किया जिसकी कि अक्षय कुमार ने उम्मीद की होगी। फिल्म सेमी हिट रही लेकिन इसके अलावा रिलीज हुईं उनकी दो मेगा बजट फिल्में ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’ और ‘बॉस’ सुपरफ्लॉप रहीं।  

11 of 12
अक्षय कुमार - फोटो : सोशल मीडिया
2012 में पांच में तीन फिल्में हिट अक्षय के करियर की दूसरी पारी का टर्निंग प्वाइंट रही साल 2012 में रिलीज हुईं फिल्में ‘हाउसफुल 2’, ‘राउडी राठौड़’, ‘ओह माई गॉड’ और ‘खिलाड़ी 786’। इनमें से इस ‘खिलाड़ी 786’ को औसत कामयाबी मिली और बाकी की तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्में रहीं। इसी साल अक्षय की एक मेगा बजट फिल्म ‘जोकर’ सुपरफ्लॉप रही और इस फिल्म ने बतौर निर्देशक शिरीष कुंदर के करियर को भी बहुत बड़ा झटका दिया।  
विज्ञापन

12 of 12
थैंक्यू फिल्म - फोटो : Social media
2011 में तीन में से दो बड़ी फिल्में फ्लॉप तो चलिए आपको बताते हैं कि नई सदी का दूसरे दशक का दूसरा साल यानी साल 2011 अक्षय के लिए कैसा बीता और फिर उसके बाद उनके करियर के बीते 10 साल का हाल क्या रहा। साल 2011 की शुरुआत अक्षय कुमार के लिए काफी खराब रही। इस साल उनकी दो बड़ी फिल्में ‘पटियाला हाउस’ और ‘थैंकयू’ फ्लॉप रहीं। ‘देसी ब्वॉयज’ ने भी बस औसत कारोबार ही किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें