इस साल की उन चुनिंदा फिल्मों में एक फिल्म ‘मैं लड़ेगा’ भी शामिल है, जिसे स्वतंत्र निर्माताओं (इंडी प्रोड्यूसर्स) ने बनाया, खुद ही सिनेमाघरों तक पहुंचाया और ये साबित किया कि फिल्म की कहानी में जान हो तो फिल्म खुद बोलती है। निर्देशक गौरव राणा के निर्देशन में बनी इस फिल्म के हीरो आकाश प्रताप सिंह अपनी फिल्म की रिलीज के बाद पहली बार अपने शहर कानपुर पहुंचे तो उनका पूरा का पूरा मोहल्ला, दोस्त-यार और घर वाले सब उनका स्वागत करने कानपुर एयरपोर्ट पर उमड़ पड़े। मां ने अपने बेटे का ये खैरमकदम देखा तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक ही आए।