राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता गुरविंदर सिंह की अगली पंजाबी फिल्म "अध चनानी रात" का 26 जनवरी से 6 फरवरी तक होने वाले प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव रॉटरडैम (आईएफएफआर) में विश्व प्रीमियर किया जाएगा। कोरोना के नए वेरिएंट ऑमिक्रॉन के कारण हालातों को देखते हुए दूसरे साल इस बार भी आईएफएफआर ऑनलाइन आजोयित होगा। इसके अलावा राहत महाजन की "द क्लाउड मेसेंजर", और महेश नारायण की "मलिक" भी अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव रॉटरडैम (आईएफएफआर) 2022 के लिए चुनी गई भारतीय फिल्मों में शामिल हैं।
इससे पहले इस फिल्म फेस्टिवल को बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन अब इसे वर्चुअली ही आयोजित किया जाएगा और इस तरह आईएफएफआर साल 2022 में वर्चुअली आयोजित होने वाला पहला यूरोपीय फिल्म फेस्टिवल बन जाएगा। वहीं, फिल्म के बारे में सिंह ने बताया कि यह फिल्म एक यात्रा की पराकाष्ठा है, जो उनकी पहली फिल्म 'अन्हे घोरे दा दान' से शुरू हुई थी। भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान से स्नातक, फिल्म निर्माता ने कहा कि पंजाब में स्थापित अपनी पिछली दो फिल्मों के बाद, वह "आगे क्या" के सवाल से जूझ रहे थे और तभी उन्हें "अध चनानी रात" का विचार आया।