बॉलीवुड एक्टर और गुरदासपुर से बीजेपी सांसद सनी देओल और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वतंत्रता दिवस से पहले महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के मुख्यालय में पहुंचे। इस दौरान दोनों ने अखंड भारत दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सनी देओल ने 'हमारा हिंदुस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है, और जिंदाबाद रहेगा' के नारे लगाए। इसके साथ ही सनी देओल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तारीफ भी की।
सनी देओल ने भारतवासियों को देश की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर देश को आगे ले जाना है। कार्यक्रम में सनी ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए।
सनी देओल ने कहा हमें देश के लिए जान की कुर्बानी देने स्वतंत्रता सेनानी महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, लोकमान्य तिलक जैसे महान व्यक्तियों को याद रखना चाहिए।