साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मेगा स्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों पूरे देश में छाए हुए हैं। हाल ही में रिलीज हुई अभिनेता की फिल्म पुष्पा द राइज ने साउथ ही नहीं बल्कि पूरे देश में कई नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। अल्लू अर्जुन की यह फिल्म देशभर में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। फिल्म में अपने दमदार डायलॉग, शानदार एक्टिंग और बेहतरीन डांस मूव्स से अल्लू दर्शकों को अपना दीवाना बना रहे हैं। अभिनेता की इस फिल्म की सफलता को देख यह कहना गलत नहीं होगा कि अल्लू अर्जुन एक्शन, ड्रामा, डांस और कॉमेडी से भरे टैलेंट का एक पिटारा है।
यही वजह है कि अल्लू अर्जुन आज सिर्फ साउथ ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोकप्रिय हो चुके हैं। उनकी लोकप्रियता का ही असर है कि उनकी फिल्में कई भाषाओं में डब भी की जाती है। एक शानदार एक्टर होने के साथ ही अभिनेता सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग भी काफी लंबी चौड़ी है। अपनी इसी लोकप्रियता के चलते अभिनेता ने शुक्रवार को एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है।