फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिनेमा को रहमान और माधवन जैसे सितारे देने वाले निर्देशक मणिरत्नम की ये हैं 10 बेहतरीन फिल्में

Sun, 02 Jun 2019 02:23 PM IST
अपूर्वा राय मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
मणिरत्नम - फोटो : Twitter
हिंदी सिनेमा के महानतम फिल्म निर्देशकों में से एक मणिरत्नम मूलतः तमिल फिल्मे बनाने के लिए जाने जाते हैं। मणिरत्नम ही वह पहले निर्देशक हैं जिनकी फिल्मों ने हिंदी में डब होकर बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई। हिंदी सिनेमा का परिचय ए आर रहमान जैसे गुणी संगीतकार से कराने वाले भी मणि ही हैं। पद्मश्री से सम्मानित हो चुके मणिरत्नम आज 63 साल के हो गए। आइए जानते हैं उनकी 10 बेहतरीन फिल्मों के बारे में जिन्होंने उन्हें विश्व सिनेमा का ध्रुवतारा बना दिया। देखिए आगे की स्लाइड्स।
विज्ञापन

2 of 11
मौन रागम - फोटो : social media

मौन रागम (1986)

मणिरत्नम के निर्देशन में बनी ये तमिल रोमांटिक ड्रामा फिल्म मणिरत्नम की ही कलम का चमत्कार है। सुपरस्टार मोहन और रेवती की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म मणिरत्नम की बतौर निर्देशक पांचवीं फिल्म थी और इसी फिल्म से मणिरत्नम को दक्षिण के जाने माने निर्देशकों में गिना जाने लगा। धीमी शुरूआत के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और 175 दिनों तक सिनेमाघरों में लगी रही। इसी फिल्म ने मणिरत्नम को पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पहला फिल्मफेयर पुरस्कार दिलाया।

विज्ञापन

3 of 11
नायकन - फोटो : social media

नायकन (1987)

1987 में गैंगस्टर पृष्ठभूमि पर बनी तमिल फिल्म नायकन मणिरत्नम की पहली सुपरहिट फिल्म थी। नायकन में कमल हसन, सरन्या और कार्तिका मुख्य भूमिका में थे। मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन वरदराजन मुदालियर के जीवन और मुंबई में दक्षिण भारतियों की रहन, सहन  पर आधारित इसी फिल्म से मणिरत्नम ने पूरे देश में अपनी पहचान बनाई। इस फिल्म को 1988 में भारत की तरफ से ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म की कैटेगरी में भेजा गया। इसके अलावा इस फिल्म को बेस्ट ऐक्टर, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी और बेस्ट आर्ट डायरेक्शन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से नवाजा गया। इस फिल्म को वर्ष 2005 में प्रतिष्ठित टाइम मैग्जीन ने ऑल टाइम 100 बेस्ट फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल किया। 1988 में रिलीज हुई हिंदी फिल्म दयावान इसी की हिंदी रीमेक है।

4 of 11
geetanjali movie 1989 - फोटो : social media

गीतांजली (1989)

नायकन की सफलता को देखकर तेलुगू सुपरस्टार नागार्जुन ने मणिरत्नम से एक तेलुगू फिल्म का निर्देशन करने का निवेदन किया, शुरुआती ना नुकुर के बाद मणिरत्नम तेलुगू फिल्म गीतांजली को निर्देशित करने के लिए मान गए। यह फिल्म मणिरत्नम द्वारा निर्देशित की गई एकमात्र तेलुगू फिल्म है। 1989 में बनी इस तेलुगू रोमांटिक फिल्म में नागार्जुन और गिरिजा शेट्टर की हिट जोड़ी मुख्य भूमिका में थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित हुई और इसे बेस्ट पॉपुलर फिल्म के तौर पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। मणिरत्नम को इस फिल्म के लिए फिल्मफेयर बेस्ट डायरेक्टर तेलुगू का अवॉर्ड भी मिला। हिंदी में इसका रीमेक याद रखेगी दुनिया के नाम से हुआ।

विज्ञापन

5 of 11
anjali - फोटो : social media

अंजली (1990) 

मानसिक रूप से कमजोर बच्चे और उसके परिवार की कहानी को दिखाती फिल्म अंजली मणिरत्नम की सबसे खूबसूरत फिल्मों में से एक है। मणिरत्नम ने इस फिल्म में लेखन और निर्देशन का जिम्मा संभाला। तमिल भाषा में बनी इस फिल्म में रघुवरन, रेवती और शामली मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्रसिध्द संगीतकार इलय्याराजा की यह 500वीं फिल्म है। फिल्म ने बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट, बेस्ट ऑडियोग्राफी और बेस्ट फीचर फिल्म इन तमिल के लिए तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते। वर्ष 1991 में इस फिल्म को भारत की तरफ से ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज की कैटेगरी के लिए भेजा गया।

विज्ञापन

6 of 11
thalapathi - फोटो : social media

थलपति (1991)

साउथ सुपरस्टार रजनीकांत, मम्मूटी, जयशंकर और अमरीश पुरी जैसी सितारों से सजी एक और अंडरवर्ल्ड पर आधारित तमिल फिल्म थलपति का निर्देशन मणिरत्नम ने किया। महाभारत की कहानी दुर्योधन और कर्ण की दोस्ती पर आधारित इस फिल्म को फिल्म समीक्षकों द्वारा खूब सराहा गया और इस यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म के लिए मणिरत्नम को फिल्मफेयर बेस्ट डायरेक्टर और फिल्म के संगीतकार इलय्याराजा को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड दिया गया। इस फिल्म का कन्नड़ भाषा मे अन्नवरु नाम से रीमेक किया गया। 

विज्ञापन

7 of 11
roza movie 1992 - फोटो : social media

रोजा (1992)

मणिरत्नम ने पहली बार इस फिल्म से अखिल भारतीय दर्शक वर्ग बनाने की कोशिश की और इसमें वह सफल भी रहे। तमिल फिल्म रोजा हिन्दू पौराणिक कथा सावित्री और सत्यवान से प्रेरित है। इस फिल्म में अरविंद स्वामी, मधू आउट पंकज कपूर मुख्य भूमिका में थे। कश्मीर की खूबसूरत वादियों को दिखाती इस फिल्म में मणिरत्नम ने संगीतकार ए. आर. रहमान के साथ पहली बार काम किया। इस फिल्म को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर, बेस्ट लिरिसिस्ट और राष्ट्रीय अखंडता पर आधारित नरगिस दत्त बेस्ट फीचर फिल्म के तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले। इस फिल्म को मलयालम, मराठी, हिंदी और तेलुगू में भी रिलीज किया गया, और फिल्म को सभी भाषाओं में भारी सफलता मिली। इसके बाद मणिरत्नम ने इसी फिल्म की कड़ी पर आधारित फिल्म बॉम्बे और दिल से  बनाई। 

8 of 11
bombay - फोटो : social media

बॉम्बे (1995)

मुंबई दंगों पर आधारित तमिल फिल्म बॉम्बे हिन्दू मुस्लिम वैवाहिक संबंधों पर आधारित पहली भारतीय फिल्म है। तमाम विवादों के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और हिंदी, तेलुगू और मलयालम तीनों भाषाओं में इस फिल्म ने खूब कमाई की। मलेशिया और सिंगापुर में ये फिल्म बैन कर दी गई। ए आर रहमान के संगीत से सजी इस फिल्म को फिलीपींस फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया। मणिरत्नम के दमदार निर्देशन और संकल्पनाओं के दम पर इस फिल्म ने दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, दो फिल्मफेयर पुरस्कार, चार फिल्मफेयर पुरस्कार साउथ और दो तमिलनाडु राजकीय फिल्म पुरस्कार समेत कई पुरस्कार जीते। 

9 of 11
kanthil muthamittal - फोटो : social media

कंनथील मुथमित्तल (2002)

लेखक सुजाता की लघु कथा अमुथवूम अवनुम पर आधारित इस फिल्म में आर माधवन, नंदिता दास, सिमरन और प्रकाश राज जैसे सितारों ने काम  किया। 2002 में बनी इस तमिल म्यूजिकल वॉर ड्रामा पीरियड फिल्म को 2002 में टोरंटो फिल्म इंटरनेशनल फेस्टिवल और 2003 में सैन फ्रांसिस्को इंटरनेशल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया। श्रीलंकाई बच्चे और भारतीय मां बाप की कहानी पर आधारित इस फिल्म को छह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, तीन तमिल फिल्मफेयर पुरस्कार और तीन अंतरराष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सहित कई पुरस्कार मिले। फिल्म को तेलुगू और हिंदी में भी डब किया गया। 

10 of 11
guru

गुरु (2007)

भारतीय उद्योगपति धीरूभाई अंबानी के जीवन पर बनी फिल्म गुरु में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय, आर माधवन, विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती ने काम किया। गुरु हिंदी सिनेमा में बनी मणिरत्नम की पहली सुपरहिट फिल्म है। यह फिल्म कनाडा में मेनस्ट्रीम अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर में जगह पाने वाली भी पहली फिल्म है। गुरु को 2007 में कान फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया गया। इस फिल्म को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खूब सराहना मिली और फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म ने तीन फिल्मफेयर पुरस्कार जीते। 

विज्ञापन

11 of 11
kadhal kanmani - फोटो : social media

ओ कांधल कनमनी (2015)

रोमांटिक ड्रामा तमिल फिल्म ओ कांधल कनमनी से मणिरत्नम ने एक बार फिर लेखन का जिम्मा सम्हाला और फिल्म का निर्देशन भी किया। मुंबई में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक जोड़े की कहानी पर आधारित दलकेर सलमान, नित्या मेनन, प्रकाश राज और लीला सैमसन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब सफलता अर्जित की। छह करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। इस फिल्म की हिंदी में रीमेक 2017 में ओके जानू नाम से बनी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें