गौरव खन्ना
- फोटो : अमर उजाला
'मैं सुपर कॉन्फिडेंट नहीं था, मुझे भी नर्वसनेस हुई, दिल की धड़कनें तेज़ थी'
सच कहूं तो मुझे भी नहीं पता था कि मैं ही जीतूंगा। अंदर रहते हुए हमें बाहर की कोई खबर नहीं होती, इसलिए मेरे मन में भी पूरी तरह से कोई भरोसा नहीं था। ये कहना गलत होगा कि मैं सुपर कॉन्फिडेंट था - मुझे भी नर्वसनेस हो रही थी, दिल की धड़कनें तेज़ थी, जैसे हर इंसान को उस वक्त होता हैं।
'मैं सिर ऊंचा करके इस घर से बाहर निकलना चाहता था और वैसा ही हुआ'
लेकिन एक बात मैं पूरे यकीन के साथ जानता था कि मैंने शो के दौरान कुछ भी गलत नहीं किया। भले ही मैं ज्यादा दिखाई न दिया हूं, लेकिन मैंने कभी खुद को गलत तरीके से पेश नहीं किया। मैं बस अपना सिर ऊंचा करके इस घर से बाहर निकलना चाहता था और आज मुझे बहुत खुशी है कि जैसा मैंने सोचा था, वैसा ही हुआ।
'प्रणित के बिना टॉप-2 में पहुंचा, फिर भी पूरी खुशी नहीं मिली'
मृदुल तिवारी और प्रणीत मोरे के साथ मेरी जो दोस्ती बनी, वो हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी। उनके साथ बिताया हुआ हर पल मेरे लिए खास था। जब मेरे दोनों दोस्त शो से बाहर गए, तो मैं सच में बहुत उदास हो गया था और मेरी आंखों में आंसू भी आ गए थे। फिनाले तक आते-आते मुझे कहीं न कहीं ये लगने लगा था कि शायद प्रणीत और मैं साथ में खड़े होंगे। हम दोनों टॉप-2 तक जाने का सपना देख रहे थे। लेकिन जब वो बाहर गए, तो मुझे बहुत दुख हुआ। सच कहूं तो टॉप-2 में पहुंचने के बाद भी मुझे वो पूरी खुशी महसूस नहीं हुई। मैं वैसे ज़्यादा दोस्त नहीं बनाता, लेकिन ये दोनों मेरे लिए बहुत खास बन गए थे। शो में जो रिश्ता इन दोनों के साथ बना, वो मैं जिंदगी भर याद रखूंगा।
'जीती हुई अमाउंट से पत्नी संग दुनिया घूमूंगा'
50 लाख की रकम वाकई बहुत बड़ी होती है। सच कहूं तो अभी मैंने ये तय नहीं किया है कि इस अमाउंट का क्या करूंगा। फिलहाल तो मैं बस इस जीत को महसूस करना चाहता हूं। लेकिन एक बात साफ है कि सबसे पहले मैं अपने परिवार के साथ वक्त बिताना चाहता हूं। हमने अभी तक दुनिया बहुत ज़्यादा नहीं देखी है, तो मेरी इच्छा है कि अपनी पत्नी के साथ कहीं घूमने जाऊं, नई जगहें देखूं और इस खूबसूरत जीत को खुलकर एंजॉय करूं।