- सात जून को हर स्कूल में खाली पड़े पदों की जारी होगी सूची, इसके बाद जारी होगी ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव 25 जून को विषय अनुसार स्कूलों को शिक्षकों के आवंटन की फाइनल सूची आएगी।
हरियाणा सरकार स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर और भी बेहतर परिणाम लाने के लिए संजीदा हो गई है। गर्मियों की छुट्टियों के बाद स्कूलों में पढ़ाई सुचारू तरीके से चले और विद्यार्थियों को हर विषय का अलग शिक्षक मिले, इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने रेशनेलाइजेशन पॉलिसी के साथ ही ट्रांसफर का खाका भी खींच लिया है। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा से इस पर चर्चा हो चुकी है। पॉलिसी को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है। रेशनेलाइजेशन के तय शेड्यूलअनुसार सात जून को हर स्कूल में खाली पड़े शिक्षकों के पदों और विषय अनुसार खाली पड़े पदों को सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद शिक्षकों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियां दूर करने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग स्कूलों में विषय वार शिक्षकों का आवंटन ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव से 25 जून को कर देगा। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने बताया कि रेशनेलाइजेशन पालिसी को लेकर मंगलवार को बैठक हो चुकी है। पालिसी को मंजूरी जल्द मिल जाएगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश में ही तबादला प्रक्रिया को सिरे चढ़ा लेंगे।