यह ट्रेन दिल्ली से बनारस कानपुर सेंट्रल होकर गुजरेगी। 17 फरवरी से इस ट्रेन का नियमित संचालन होगा। इस ट्रेन से दिल्ली जाना महंगा है, जबकि आना 115 रुपये सस्ता है।
इस ट्रेन के यात्रियों को कानपुर में बना लैंडमार्क होटल का खाना परोसा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को दी गई है। गुरुवार से इस ट्रेन के लिए सीटों के रिजर्वेशन होने लगे हैं। 17 और इसके बाद इस ट्रेन में काफी सीटें हैं।
कानपुर से दिल्ली जाने का चेयरकार का किराया 1195 रुपये है और दिल्ली से कानपुर आने का ट्रेन-18 का किराया 1080 है। जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास का दिल्ली जाने का किराया 2190 रुपये और वहां से आने का किराया 2085 रुपये है।
गुरुवार से रिजर्वेशन शुरू हो चुके हैं। प्री बुकिंग न होने से 17 और उसके बाद दिल्ली, बनारस जाने के लिए पर्याप्त सीटें हैं। यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन चलेगी। 17 को चेयरकार में 600 से अधिक, और 19 और 20 फरवरी को 80 से ज्यादा सीटें हैं। जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास में भी 40 से अधिक सीटें बची हैं।
शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन के उद्घाटन के बाद रेलमंत्री पीयूष गोयल, कानपुर के सांसद मुरली मनोहर जोशी सुबह पौने 11 बजे चलेंगे और दोपहर 3:05 बजे सेंट्रल आएंगे। 3:45 बजे यह ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना होगी।
40 मिनट तक सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर कार्यक्रम होगा। यहां रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भी शामिल होंगे और फिर ट्रेन से वाराणसी तक जाएंगे। वापसी में ट्रेन शनिवार को सुबह छह बजे वाराणसी से चलेगी। कानपुर सेंट्रल सुबह 9:55 बजे आएगी और दो मिनट रुककर दोपहर 2:25 बजे नई दिल्ली जाएगी।
दो मिनट का होगा ठहराव
दिल्ली से आने वाली ट्रेन का नंबर 22436 है। यह सप्ताह में पांच दिन चलेगी। सोमवार और गुरुवार को इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। सुबह छह बजे दिल्ली से चलेगी और कानपुर सेंट्रल स्टेशन 10:18 बजे पहुंचेगी। दो मिनट ठहराव के बाद रवाना होगी। इलाहाबाद जंक्शन दोपहर 12:23 बजे और वाराणसी दोपहर दो बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 22435 उसी दिन वाराणसी से दोपहर तीन बजे चलेगी। इलाहाबाद शाम 4:35 बजे और कानपुर सेंट्रल शाम 6:30 बजे पहुंचेगी। दो मिनट यहां ठहराव होगा। नई दिल्ली रात 11 बजे पहुंचेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस में इलाहाबाद जंक्शन से दिल्ली का चेयर कार में किराया 1550 और एग्जीक्यूटिव चेयरकार का किराया 2915 रुपये निर्धारित किया गया है। ट्रेन में दो कोच एग्जीक्यूटिव चेयर कार के एवं 12 कोच चेयरकार के हैं। इसी तरह नई दिल्ली से इलाहाबाद का ट्रेन में एग्जीक्यूटिव और चेयर कार का किराया क्रमश: 2725 एवं 1385 रुपये निर्धारित किया गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया
कहां से कहां तक एग्जीक्यूटिव कार चेयरकार
इलाहाबाद से नई दिल्ली 2915 1550
नई दिल्ली से इलाहाबाद 2725 1385
इलाहाबाद से कानपुर 1260 645
कानपुर से इलाहाबाद 1170 595
इलाहाबाद से वाराणसी 1190 700
वाराणसी से इलाहाबाद 1050 545
अप और डाउन में ट्रेन के किराये का अंतर कैटरिंग की वजह से
वंदे भारत एक्सप्रेस के अप और डाउन में किराये का अंतर कैटरिंग चार्ज की वजह से है। इलाहाबाद से दिल्ली जाने में स्नैक्स और डिनर कैटरिंग में शामिल है। इस वजह से कैटरिंग चार्ज 308 रुपये है जबकि दिल्ली से इलाहाबाद के बीच ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को मार्निंग टी और ब्रेकफास्ट ही मिलेगा। इस वजह से वापसी में कैटरिंग चार्ज 142 रुपये ही यात्रियों से लिया जाएगा।