फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्पाइस मॉल से बैग लूटकर भाग रहे दो बदमाश गाजियाबाद पुलिस से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Thu, 26 Oct 2017 12:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
1 of 9
spice mall - फोटो : अमर उजाला
नोएडा सेक्टर-25ए स्थित स्पाइस मॉल की पार्किंग से बुधवार सुबह सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट को गोली मारकर खाली बैग लूट लिया। इसके बाद बदमाश भागते हुए गाजियाबाद पहुंचे। वहां वैशाली चौकी प्रभारी से इनकी मुठभेड़ हो गई। चौकी प्रभारी ने एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि दूसरा फरार हो गया। मुठभेड़ में बदमाश और चौकी प्रभारी दोनों को गोली लगी है। नोएडा व गाजियाबाद पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही हैं। पकड़े गए बदमाश के पास से नोएडा से लूटा गया बैग बरामद नहीं हुआ है। बदमाशों ने दोनों शहरों में लूट की कई वारदात अंजाम दी हैं। पुलिस इनकी बाइक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन

2 of 9
कैशवैन को लूट कर बदमाश यहीं से हुए थे फरार - फोटो : लाल सिंह
कलेक्शन एजेंट से लूटा गया बैग खाली था
नोएडा-एनसीआर में मॉल व दुकानों से कैश कलेक्शन करने वाली ब्रिंग्स कंपनी की कैश वैन प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह 11:40 बजे स्पाइस मॉल पहुंची थी। कैश वैन में एक ड्राइवर, एक गनमैन और कलेक्शन एजेंट कृष्णा मौजूद थे। तीनों ने कैश वैन को मॉल के बगल में मौजूद पार्किंग की तरफ खड़ा किया था। कृष्णा एक बार मॉल की दुकानों से कलेक्शन कर गाड़ी में पैसा रख चुका था। दोबारा वह खाली बैग लेकर मॉल के अंदर कलेक्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान एक बदमाश ने पार्किंग साइड के गेट के पास कृष्णा से बैग छीनने का प्रयास किया। कृष्णा ने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाश ने उसे गोली मार दी।
विज्ञापन

3 of 9
स्पाइस मॉल के बाहर हुए हादसे के बाद शहर में चला चेक‌िंग अभ‌ियान - फोटो : लाल सिंह
पेट में गोली लगते ही कृष्णा गिर गया और बदमाश खाली बैग लेकर ग्रीन बेल्ट की तरफ भाग गया। ग्रीन बेल्ट के पास उसका दूसरा साथी सफेद अपाचे बाइक लेकर भागने के लिए तैयार खड़ा था। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। इधर, गोली मारकर लूट की सूचना मिलते ही नोएडा थाना सेक्टर-24 पुलिस, क्षेत्राधिकारी द्वितीय राजीव कुमार सिंह और एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह समेत अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तत्काल वायरलेस पर गौतमबुद्धनगर समेत आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया। पुलिस ने घायल कलेक्शन एजेंट कृष्णा को सेक्टर-27 के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार गोली कृष्णा के पेट में एक किनारे लगकर बाहर निकल गई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

4 of 9
थाने में खड़ी कैश वैन - फोटो : लाल सिंह
वैशाली चौकी प्रभारी ने गोली लगने पर भी दबोच लिया 
बदमाशों के भागने की वायरलेस पर सूचना मिलते ही गाजियाबाद के वैशाली पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मुस्तैद हो गए। वह पुलिस चौकी के पास नजर रखने लगे। इसी दौरान सफेद अपाचे बाइक पर आते दो बदमाश दिखे, उन्होंने रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। चौकी प्रभारी ने कुछ दूर तक पैदल बदमाशों का पीछा किया। इसके बाद उन्होंने एक स्कूटी सवार व्यक्ति से उन्हें बैठाकर बदमाशों का पीछा करने को कहा। स्कूटी सवार ने मना कर दिया, लेकिन अपनी स्कूटी भूपेंद्र को दे दी। इसके बाद उन्होंने स्कूटी से बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
विज्ञापन

5 of 9
छानबीन करती पुलिस - फोटो : लाल सिंह
गाजियाबाद के भीड़भाड़ वाले अंसल प्लाजा के पास दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाइक सवार एक बदमाश ने चौकी प्रभारी पर गोली चला दी जो उनकी टांग पर लगी। इसके बावजूद वह बदमाशों का पीछा करते रहे। कुछ दूर पीछा करने के बाद चौकी प्रभारी ने गोली चलाई जो बाइक चला रहे बदमाश की टांग में लगी। गोली लगते ही बदमाश ने बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। इसके बाद चौकी प्रभारी ने तेज रफ्तार में स्कूटी से उसकी बाइक पर टक्कर मार दी।
विज्ञापन

6 of 9
पूछलाछ करती पुलिस - फोटो : लाल सिंह
बाइक पर टक्कर लगते ही बदमाश और चौकी प्रभारी दोनों सड़क पर घिसटते हुए गिर पड़े। गिरने के बाद भी बदमाश ने बचने के लिए दोबारा तमंचा लोड करने का प्रयास किया, लेकिन चौकी प्रभारी ने इससे पहले ही उसकी टांग में एक और गोली मार दी। इसके बाद चौकी प्रभारी ने लोगों की मदद से बदमाश रिजवान को पकड़ लिया। गाजियाबाद पुलिस ने दोनों को दोपहर 12:50 बजे नजदीक के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ का पता चलते ही नोएडा पुलिस भी गाजियाबाद पहुंच गई। दोनों शहर की पुलिस संयुक्त रूप से फरार बदमाश समीर की तलाश कर रही हैं।
विज्ञापन

7 of 9
spice mall - फोटो : अमर उजाला
बदमाशों ने एटीएम कैश वैन समझ की थी वारदात
गौतमबुद्धनगर के एसएसपी लव कुमार ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने ब्रिंग्स कंपनी की कैश वैन को एटीएम में कैश डालने वाली गाड़ी समझकर लूटा था। अगर उन्हें कलेक्शन कंपनी के बारे में पता होता तो शायद वह एजेंट के बाहर निकलने का इंतजार करते। बदमाशों ने अचानक इस वारदात को अंजाम दिया था। मॉल की पार्किंग की तरफ कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, इसलिए घटना की रिकॉर्डिंग नहीं मिल सकी है। जिले में इनके द्वारा की गई वारदात की जानकारी जुटाई जा रही है।

8 of 9
spice mall - फोटो : अमर उजाला
साहिबाबाद मंडी में ठेला लगाते हैं दोनों चचेरे भाई
नोएडा के क्षेत्राधिकारी द्वितीय राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गाजियाबाद में मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश की पहचान रिजवान के रूप में हुई है। फरार साथी उसका चचेरा भाई समीर है। नोएडा की वारदात में समीर ने कलेक्शन एजेंट कृष्णा को गोली मारी थी, जबकि रिजवान बाइक लेकर कुछ दूर खड़ा था। दोनों मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं और गाजियाबाद की साहिबाबाद मंडी में सब्जी का ठेला लगाते हैं। मंडी में ही दोनों रहते हैं और वहीं से सफेद अपाचे बाइक लेकर ये लोग लूटपाट के लिए निकलते थे। लूटपाट के बाद दोनों फिर मंडी पहुंच जाते थे। रिजवान वर्ष 2016 में नोएडा के थाना फेज तीन से एनडीपीएस एक्ट में जेल भी जा चुका है। करीब एक-डेढ़ माह पहले ही वह जेल से बाहर निकला था। समीर के भी आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन

9 of 9
spice mall - फोटो : अमर उजाला
​चौकी प्रभारी की बहादुरी को किया जाएगा सम्मानित
गाजियाबाद के एसएसपी एचएन सिंह के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश दोनों शहरों में 15-20 से ज्यादा लूट की वारदात कर चुका है। वैशाली चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बहुत बहादुरी का काम किया है। इसके लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। शासन से भी चौकी प्रभारी को सम्मानित कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें