चाइनीज मोबाइल निर्माता कंपनी ओप्पो में तिरंगे के अपमान को लेकर मंगलवार को कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों को शांत कराने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी के एक चाइनीज अधिकारी ने दीवार पर लगे तिरंगे को उखाड़ कूड़ेदान में फेंक दिया। थाना फेज तीन पुलिस ने एक कर्मचारी की शिकायत पर चाइनीज अधिकारी के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज निवारण अधिनियम की धारा दो के तहत मामला दर्ज कर लिया है।(सभी फोटोः लाल सिंह/अमर उजाला)
विज्ञापन
2 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
ओप्पो कंपनी में हंगामे की ये घटना नोएडा के ए-154बी, सेक्टर-63 स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में हुई। यहां वरिष्ठ अधिकारी व प्रबंधन चाइना का है। इनके अलावा लगभग 6500 कर्मचारी भारतीय हैं, जो दिन और रात की शिफ्ट में नौकरी करते हैं। कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि 26 जनवरी को कंपनी में समारोह के दौरान दीवारों पर जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज लगे थे। सोमवार दोपहर करीब तीन-चार बजे कंपनी के अधिकारी शोह यूम ने निरीक्षण के दौरान कैंटीन और कंपनी में लगे कुछ राष्ट्रीय ध्वजों को दीवार से उखाड़कर कूड़ेदान में डाल दिया।
विज्ञापन
3 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
कंपनी के भारतीय कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और प्रबंधन से मामले की शिकायत की। इसके बावजूद प्रबंधक ने कार्रवाई नहीं की गई। दिन की पाली में काम करने वालों ने रात्रि पाली के कर्मचारियों को सूचना दी। रात्रि पाली के कर्मचारी रात आठ बजे कंपनी पहुंचे।
4 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
कंपनी में पैसे एकत्र कर दो कर्मचारी मार्केट गए और काफी संख्या में राष्ट्रीय ध्वज के पोस्टर खरीद लाए। इन्होंने देर रात कंपनी के अंदर जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज के पोस्टर लगाए। फिर यूनिफार्म पर पोस्टर लगा रात करीब एक बजे भारत माता की जय के नारे लगाते हुए कंपनी के बाहर धरना-प्रदर्शन करने लगे। कर्मचारी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के भी नारे लगा रहे थे। रात भर कंपनी के बाहर कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करते रहे, लेकिन प्रबंधन की तरफ से पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
विज्ञापन
5 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
छत पर तिरंगा लेकर चढ़े थे कर्मचारी
सुबह करीब सात बजे नोएडा पुलिस को मीडिया से ओप्पो कंपनी के बाहर प्रदर्शन की सूचना मिली। एसपी सिटी दिनेश यादव ने निर्देश पर थाना फेज तीन प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार तत्काल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उस वक्त कंपनी के बाहर लगभग 2500 कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। सुबह आठ बजे से दिन की शिफ्ट के कर्मचारी भी पहुंचने लगे और प्रदर्शन में शामिल होने लगे। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गुस्साए कर्मचारी कंपनी की दीवारों पर और छत पर राष्ट्रीय ध्वज लेकर चढ़े थे। वे लगातार नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शन से कंपनी के सामने मार्ग बंद था। हंगामे को खत्म करने के लिए पुलिस को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
6 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
हिंदू युवा वाहिनी के आने से लंबा खिंचा मामला
पुलिस ने सुबह करीब नौ बजे कंपनी के कर्मचारियों को समझाकर हटाना शुरू कर दिया था। कंपनी में सभी तकनीकी कर्मचारी हैं। कर्मचारियों को शांत कराने के कुछ देर बाद हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता हाथों में झंडा लेकर कंपनी के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। इन्हें हटाने के लिए पुलिस को और मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस सभी लोगों को कंपनी के बाहर से हटाने में कामयाब हो सकी।
विज्ञापन
7 of 8
indian flag
- फोटो : लाल सिंह/अमर उजाला
पहले से ही नाराज थे कर्मचारी
एसपी सिटी ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी प्रबंधन से पहले ही नाराज थे। प्रबंधन हाल में 603 भारतीय कर्मचारियों की छंटनी कर चुका है। होली में जो कर्मचारी कुछ दिन ज्यादा छुट्टी पर गए थे, उन्हें भी नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके अलावा कर्मचारियों को कंपनी ने अपना मोबाइल फोन देने की घोषणा की थी, जिसे स्थानीय प्रबंधन के मना करने पर टाल दिया गया था। कर्मचारी प्रबंधन के कुछ अधिकारियों के व्यवहार से भी नाराज थे। इसके अलावा तनख्वाह और पीएफ सहित कर्मचारी सुविधाओं को लेकर भी कई शिकायतें थीं।
सीसीटीवी लेकर की जा रही जांच
कंपनी के एक कर्मचारी सुमित उपाध्याय की शिकायत पर चाइनीज अधिकारी शोह यूम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि तिरंगा उखाड़कर कूड़ेदान में फेंकने की घटना कंपनी के सीसीटीवी में रिकॉर्ड है। इसलिए कंपनी की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग ली जा रही है। एहतियातन कंपनी के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रबंधन ने 24 घंटे के लिए कंपनी बंद करने का निर्णय लिया है। कंपनी बुधवार शाम को दोबारा काम शुरू करेगी।- दिनेश यादव, एसपी सिटी