बाहरी दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां शराबी पिता काफी समय से अपनी तीन साल की मासूम बच्ची को प्रताड़ित कर रहा था। शराब के नशे में धुत्त पिता ने तीन दिन से भूख से बेहाल बच्ची को कुछ नहीं खिलाया। वह कई दिन से मूत्र में पड़ी थी और इससे उसे संक्रमण हो गया। पिता बच्ची को दूध की बोतल में दूध के साथ शराब मिलाकर भी देता था।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने हेल्पलाइन 181 पर शिकायत मिलने के बाद बच्ची को पिता से बचाया। डीसीडब्ल्यू के अनुसार, हेल्पलाइन पर मिली सूचना में एक व्यक्ति ने बताया कि बच्ची को पिता ने 3 दिन से कुछ नहीं खिलाया है। आयोग की टीम दिए गए पते पर पहुंची तो सन्न रह गई। मासूम मूत्र में पड़ी थी।
खाना नहीं मिलने के कारण वह काफी दुर्बल हो गई थी और बीमार लग रही थी। उसके पूरे शरीर पर संक्रमण के निशान थे। पिता उसी कमरे में सो रहा था। कमरे में यहां-वहां शराब की कई खाली बोतलें पड़ी थीं।