फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैस चेंबर में तब्दील दिल्ली-एनसीआर: स्मॉग ने सूरज पर लगाया ग्रहण, धुआं-धुआं शहर, दिन में वाहनों की जली बत्ती

Tue, 08 Nov 2022 10:10 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
दिल्ली में छायी धुंध की चादर - फोटो : अमर उजाला
मौसमी दशाएं अनुकूल न होने की वजह से मंगलवार को एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर की हवा अधिक बिगड़ गई। दिल्ली समेत एनसीआर के शहरों की हवा देशभर में सबसे प्रदूषित दर्ज की गई है। हवा के बेहद खराब श्रेणी में रहने के साथ पूरा दिन शहर स्मॉग की चादर में लिपट रहे। स्मॉग से दोपहर में दृश्यता कम होने की वजह से कुछ जगहों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। शाम तक सड़कों पर स्मॉग की चादर छाई रही। वहीं, स्मॉग की वजह से लोगों ने आंखों व सीने में जलन महसूस की। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक हवा की गुणवत्ता में सुधार की संभावना नहीं है। मौसमी दशाएं बदलने से आगामी 11 नवंबर से हवा की सेहत में सुधार दर्ज किया जा सकता है।
विज्ञापन

2 of 6
दिल्ली में छायी धुंध की चादर - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर में जब लोग सुबह सोकर उठे तो घरों के बाहर स्मॉग की चादर देखने को मिली। सड़कों पर दूर तक धुंध की चादर छाई रही। वहीं, दोपहर तक दृश्यता और कम हो गई थी। इस वजह से लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलने को मजबूर रहे। विशेषज्ञों ने इसके लिए स्थानीय प्रदूषण और मौसमी परिस्थितियों को जिम्मेदार बताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार कम होने के साथ मिक्सिंग हाइट और वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर कम होने की वजह से प्रदूषकों को जमने में मदद मिली, जिससे दिल्ली-एनसीआर में धुंध की चादर छा गई।
विज्ञापन

3 of 6
दिल्ली में छायी धुंध की चादर - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली और कटिहार देश का सबसे प्रदूषित शहर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली और बिहार का कटिहार देश के सबसे प्रदूषित शहर रहे हैं। दोनों शहरों की हवा 372 एक्यूआई के साथ बेहद खराब श्रेणी में रही। इसके बाद एनसीआर के जींद शहर का एक्यूआई 368 के साथ सबसे खराब रहा है। वहीं, तीसरे स्थान पर बेगूसराय और कैथल का एक्यूआई 355 स्थान पर रहा है। इससे एक दिन पहले दिल्ली का एक्यूआई 354 दर्ज किया गया था।

4 of 6
धुंध छायी - फोटो : ANI
इस वजह से बिगड़ी हवा
विशेषज्ञों के मुताबिक, मंगलवार को मौसमी दशाएं अनुकूल न होने की वजह से वायु गुणवत्ता बिगड़ी है। हवा की रफ्तार चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा व मिक्सिंग हाइट 1500 मीटर और वेंटिलेशन इंडेक्स तीन हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड तक दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रतिघंटा से कम और वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड से कम होने पर प्रदूषकों को जमने में मदद मिलती है। मंगलवार को हवा की दिशा पूर्वी दिशा की ओर रही। इस वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं दिल्ली-एनसीआर पहुंचने पर प्रदूषकों से मिलने पर धुंध की चादर बन गई।
विज्ञापन

5 of 6
धुंध से घिरा दिल्ली का आसमान - फोटो : ANI
अगले 24 घंटे में बदलेगी हवा की दिशा और कम होगी रफ्तार
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की दिशा पूर्वी से बदलकर उत्तर-पूर्वी और रफ्तार कम होकर तीन से पांच किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की जा सकती है। इसके अगले दिन हवा की दिशा पूर्वी और रफ्तार पांच से आठ किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। वहीं, बुधवार को मिक्सिंग हाइट 2750 मीटर और वेंटिलेशन इंडेक्स 5800 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रह सकता है। बृहस्पतिवार तक मिक्सिंग हाइट का स्तर 1750 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स तीन हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड तक रह सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
इंडिया गेट के पास छाया स्मॉग - फोटो : ANI
दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई
दिल्ली- 372
फरीदाबाद- 345
गाजियाबाद- 333
ग्रेटर नोएडा- 348
गुरुग्राम- 287
नोएडा- 331
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें