फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरों में देखें बारिश से आई आफत: 100KM प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा.. पेड़ गिरे और कुछ इमारतों को नुकसान

Wed, 21 May 2025 10:09 PM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली

सार

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व जिला में रात 8 से लेकर 10 बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान व बिजली कड़की और ओलावृष्टि हुई।
विज्ञापन
1 of 9
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश लाई आफत - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिन भर सूरज ने आसमान से आग बरसाई, लोग गर्मी से बेहाल रहे। लेकिन, रात को अचानक से मौसम ने करवट बदली। तेज आंधी- बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को राहत मिली। ऐसे में लोगों ने जमकर बारिश का आनंद लिया। पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 22 वर्षीय एक युवक और एक विकलांग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कम से कम 11 लोग घायल हो गए। 

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व जिला में रात 8 से लेकर 10 बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान व बिजली कड़की और ओलावृष्टि हुई। बारिश ने लोगों को सुकून तो दिया। लेकिन, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 42 फीसदी रहा।
विज्ञापन

2 of 9
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश लाई आफत - फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग पर 79 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसके अलावा, लोधी रोड में ओलावृष्टि हुई। पालम में 35 किमी प्रति घंटे से लेकर 72 किमी प्रति घंटे की हवा चली। इसके अलावा, पालम में 7:30 बजे 37 डिग्री सेल्सियस तापमान था, जो 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 8:30 बजे 23 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस दौरान कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पड़ोस में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निचले क्षोभमंडल स्तरों में पंजाब से बांग्लादेश तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका में समाहित है। अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। वहीं, उत्तर, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पूर्व दिल्ली के अधिकांश भागों से दूर दक्षिण की ओर बढ़ते हुए यह तूफान मौजूदा समय में दक्षिण और पूर्वी दिल्ली व नोएडा के ऊपर है। अगले एक घंटे में यह दिल्ली से बाहर जाने की संभावना है। 
विज्ञापन

3 of 9
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश लाई आफत - फोटो : अमर उजाला
23-24 मई के लिए बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 23 मई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और 24 मई को बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बिजली कड़केगी और तेज हवाएं 20-30 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी, जो अस्थायी रूप से शाम व रात के समय धूल उड़ाने वाली हवाएं 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंचेगी। इस दौरान गर्म और आर्द्र परिस्थितियां बनी रहेगी।

4 of 9
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश लाई आफत - फोटो : अमर उजाला
आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा
आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 41.3, रिज में 40.8 और लोधी रोड में 39.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 29.0, पालम में 29.3 और आया नगर में 29.8 डिग्री दर्ज हुआ।
विज्ञापन

मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं

5 of 9
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश लाई आफत - फोटो : अमर उजाला
रेड, येलो और पिंक लाइनों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित
तेज हवा और बारिश के बाद डीएमआरसी ने सेवा अपडेट जारी किया है। अचानक आए तूफान के कारण कुछ स्थानों पर ओएचई या बाहरी वस्तुओं के मेट्रो ट्रैक पर गिरने से कुछ नुकसान हुआ है। परिणामस्वरूप, शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन स्टेशनों के पास क्रमशः रेड, येलो और पिंक लाइनों पर इन प्रभावित खंडों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं और उन्हें विनियमित किया जा रहा है। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए इन वस्तुओं को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

संबंधित वीडियो-
विज्ञापन

6 of 9
बारिश में गिरा पड़ा पेड़ - फोटो : अमर उजाला
आंधी बारिश से ठप हुआ नमो भारत ट्रेन का संचालन
साहिबाबाद में बुधवार रात करीब 8:15 बजे शुरू हुई आंधी बारिश के बाद नमो भारत ट्रेन का संचालन रुक गया। स्टेशन पर मेरठ जाने वाले यात्री करीब एक घंटा इंतजार के बाद यहां से वापस लौटे। गाजियाबाद निवासी अलका ने बताया कि उन्हें मेरठ जाना था वह करीब एक घंटा से यहां इंतजार कर रही थीं लेकिन रात 9:30 बजे तक भी ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हुआ। इसकी वजह से अब उन्होंने वापस घर लौटने का फैसला किया। मोदीनगर निवासी संजय ने बताया कि वह भी काफी देर तक इंतजार कर रहे थे लेकिन ट्रेन का संचालन न होने से वह भी लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुरादनगर रैपिड के ट्रैक पर तार टूटकर गिरने से संचालन रोका गया है।
विज्ञापन

7 of 9
बारिश के दौरान आसमान में चमकती बिजली - फोटो : अमर उजाला/विवेक निगम
इन इलाकों की बिजली गुल
दिल्ली में आंधी, ओले और बारिश के कारण कई इलाकों जैसे बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर, बुराड़ी में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली की लाइनों पर पेड़ और टहनियां गिरने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से निलंबित करना पड़ा, ताकि किसी को बिजली का करंट नहीं लगे। टाटा पावर-डीडीएल की ओर से कहा गया है कि त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) सेवा संबंधी शिकायतों का तेजी से समाधान कर रही हैं।


यह भी पढ़ें- Delhi NCR Rains: तेज हवा के साथ जोरदार बारिश-ओलावृष्टि...कई जगह पेड़ गिरे, बिजली हुई गुल; कुछ उड़ानें प्रभावित

8 of 9
आंधी-बारिश के बाहर गिरे बोर्ड - फोटो : अमर उजाला
ग्रेनो वेस्ट की गैलेक्सी वेगा सोसायटी के पास लोहे की रॉड गिरने से 4-5 वाहन क्षतिग्रस्त
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी वेगा सोसाइटी में पास की निर्माणाधीन परियोजना से लोहे की रॉड गिरने के कारण चार से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए। इसके साथ ही अजनारा होम्स सोसायटी के पास पेड़ गिरने से चार-पांच गाड़ियों के शीशे टूट गए। इसके साथ ही एटीएस के पीछे नाले में गाड़ी गिर गई। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार लोग सुरक्षित हैं।
विज्ञापन

9 of 9
मौसम विभाग ने जारी की दिल्ली पर छाए बादलों की सैटेलाइट तस्वीर - फोटो : मौसम विभाग
मौसम विभाग ने जारी की दिल्ली पर छाए बादलों की सैटेलाइट तस्वीर
हरियाणा के पड़ोस में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निचले क्षोभमंडल स्तरों में पंजाब से बांग्लादेश तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका में समाहित है। अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। वहीं, उत्तर, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पूर्व दिल्ली के अधिकांश भागों से दूर दक्षिण की ओर बढ़ते हुए यह तुफान मौजूदा समय में दक्षिण और पूर्वी दिल्ली व नोएडा के ऊपर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें