साहिबाबाद के अर्थला स्थित नीलमणि कॉलोनी में बने मदरसे पर जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई हो सकती है। वक्फ बोर्ड और जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की टीम ने शनिवार को मदरसे का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि टीम को मदरसा बिना मान्यता के संचालित मिला, जिसका वक्फ व जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से रजिस्ट्रेशन नहीं है। ऐसे में टीम ने दो दिन के अंदर कागजात प्रस्तुत करने को कहा है। कागजात प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में टीम अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार दोपहर करीब पौने एक बजे मेरठ से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मौहम्मद तारिक और जिले के वक्फ बोर्ड के सहायक सर्वे आयुक्त सोन कुमार व इंस्पेक्टर रेश्मीन अख्तर समेत चार सदस्यों की टीम ने मदरसे का निरीक्षण किया। टीम ने मदरसे में बच्चों से भी बातचीत कर किशोरी और मौलवी के बारे पूछा हालांकि टीम को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।