06 मार्च 2018। अमर उजाला के अभियान हेलमेट जरूरी होता है का संज्ञान लेकर यातायात पुलिस ने जिले में एक नई पहल शुरू की है। यातायात पुलिस ने सरकारी भवनों/ऑफिसों में नो हेलमेट, नो एंट्री अभियान शुरू किया है।मंगलवार से शुरू किए गए इस अभियान के पहले दिन सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट और पुलिस ऑफिस के बाहर 15 चालान किए गए।
दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के लिए अमर उजाला लगातार, हेलमेट जरूरी होता है अभियान चला रहा है। फरवरी माह में इस अभियान के तहत अमर उजाला ने श्रृंखलाबद्ध खबरें प्रकाशित कीं। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस और एआरटीओ विभाग भी अभियान ने बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने अब सरकारी ऑफिसों में नो हेलमेट, नो एंट्री अभियान शुरू किया है।