निर्भया के दोषियों की नई तिकड़म भी फेल हो गई और अदालत ने तिहाड़ प्रशासन को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए आगे कोई भी निर्देश देने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही अदालत ने इस याचिका को भी खारिज कर दिया है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अजय कुमार जैन ने शनिवार को इस केस की सुनवाई करते हुए कहा कि दोषियों के वकील तिहाड़ प्रशासन से जरूरी कागजात की फोटो, नोटबुक और पेंटिंग या स्केच ले सकते हैं। हालांकि कोर्ट ने यह भी कहा कि जेल प्रशासन के पास जो भी जरूरी दस्तावेज थे पहले ही दोषियों को उपलब्ध करा चुकी है।
विनय ने लिखी 19 पन्नों की नोटबुक, नाम है 'दरिंदा'
गौरतलब है कि शनिवार को जेल प्रशासन के अधिकारी अपने साथ कुछ दस्तावेज, करीब 10 पेंटिंग और स्केच जो विनय कुमार शर्मा ने बनाए थे और उसके द्वारा लिखी 19 पन्नों की नोटबुक ले आए थे, जिसका नाम 'दरिंदा' है। प्रशासन ने अदालत को बताया कि अगर वो निर्देश करें तो वो सभी कुछ दोषियों को दिया जा सकता है।