Delhi Building collapsed
देर शाम तक मलबा हटाने का काम जारी था। एनडीआरएफ की दो टीमों को बचाव और राहत के काम में लगाया गया है। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक धर्मेंद्र, उसके पार्टनर सचिन और सचिन के पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। इस मामले में उन्हें अधिकतम दस साल की सजा हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह 9:25 बजे सावन पार्क, मेन मार्केट, अशोक विहार फेज-3 में हुआ। यहां 25 गज में मकान बना था। ग्राउंड फ्लोर पर दुकान थी, जबकि ऊपर बनी चार मंजिलों में से तीन में चार परिवार रह रहेे थे। करीब एक साल से इमारत मेन रोड की ओर झुक गई थी और सड़क पर लगे एक पुराने शीशम के पेड़ से टिकी हुई थी। बुधवार सुबह इमारत अचानक मेन रोड की ओर सामने सी-26 में बनी एक अन्य इमारत पर गिर गई। गनीमत रही कि इस बिल्डिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।