abhinandan
भारतीय युवा कांग्रेस की ऑनलाइन मैगजीन युवा संदेश ने भी इस वीडियो को ट्वीट किया है जिसे कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू और समाजवादी पार्टी के नेता राजेश री-ट्वीट कर चुके हैं। ये वीडियो सैकड़ों बार देखा जा चुका है और काफ़ी लोगों ने इसे इसी दावे के साथ शेयर किया है। लेकिन ये वीडियो विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की पत्नी का नहीं लगता क्योंकि इस वीडियो में जो महिला बात कर रही हैं वो खुद को एक आर्मी अफसर की पत्नी बताती हैं, जबकि अभिनंदन भारतीय वायु सेना में वरिष्ठ अधिकारी हैं। साथ ही वीडियो में ये महिला 'अभिनंदन के परिवार के बारे में विचार' करने को कहती हैं। वो ये नहीं कहतीं कि हमारे परिवार के बारे में सोचें। वीडियो को रिवर्स सर्च करने पर हमें विंग कमांडर अभिनंदन की पत्नी की जो तस्वीरें मिलीं वो वीडियो में दिख रहीं महिला से बिल्कुल मेल नहीं खातीं। बहरहाल, अभिनंदन के परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमने उनके परिवार की कोई भी तस्वीर न छापने का फ़ैसला किया है।