फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीत गए 28 साल, नहीं बदला दिल्ली के मिंटो ब्रिज का हाल, देखिए सबूत

Sat, 14 Jul 2018 12:27 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पिछले तीन दशकों में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसकी बानगी शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मिंटो ब्रिज का हाल देखकर लगाया जा सकता है। दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस के पास स्थित मिंटो ब्रिज अंडरपास में पानी भरने की समस्या दशकों पुरानी है। पहली तस्वीर 1990 की है और दूसरी 2013 की। वहीं आखिरी तस्वीर शुक्रवार के बाद हुई बारिश की है। (सभी फोटोः कुमार संजय/विवेक निगम)
विज्ञापन

2 of 15
rain in delhi - फोटो : kumar sanjay
ज्यादातर अंडरपास लबालब, कई में बस समेत दूसरे वाहन भी डूबे बारिश के दौरान कई इलाकों की सड़कों पर जलभराव ने दिल्ली सरकार और तीनों नगर निगम के दावों की हकीकत खोल दी। छोटी सड़कों और गलियां ही नहीं, बल्कि कनाट प्लेस, आईटीओ, आश्रम, लाजपत नगर, आनंद विहार जैसे इलाकों में प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। नई दिल्ली स्थित मिंटो रोड, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, तिलक मार्ग, आईटीओ, राजघाट, प्रगति मैदान, मथुरा रोड आदि जगह बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।
विज्ञापन

3 of 15
rain in delhi - फोटो : kumar sanjay
वहीं, पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर कड़कडड़ूमा से लेकर लक्ष्मीनगर तक जलभराव हुआ। यहां संपर्क सड़कों पर भी पानी भर गया। लक्ष्मी नगर मेन मार्केट में गलियां व सड़कें पानी से लबालब हो गईं। हाल ही में यहां पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद नाले नालियों की सफाई नहीं होने के चलते यहां जलभराव हुआ। दक्षिणी दिल्ली में ओखला रोड, जामिया नगर, संगम विहार, खानपुर, पुल प्रह्लादपुर, सरिता विहार, बदरपुर, एमबी रोड, अरविंदो रोड आदि जगह जलभराव हुआ।

4 of 15
rain in delhi - फोटो : kumar sanjay
पहली बारिश में ही फूला मजेंटा लाइन का दम, ढाई घंटे रुकी हाल ही में शुरू हुई दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट) का दम राजधानी की पहली भारी बरसात में ही फूल गया। आरके पुरम और आईजीआई टर्मिनल-1 स्टेशनों के बीच टनल में लीकेज से पानी ओवरहेड वायर तक पहुंच गया और उसमें खराबी आने से मेट्रो सेवा ढाई घंटे तक प्रभावित हुई। इस परेशानी से निपटने की कोशिश के तहत सिंगल लाइन पर मेट्रो चलाई गई। मेट्रो सेवा प्रभावित होने से स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

5 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश के दौरान शाम करीब 4:10 बजे मजेंटा लाइन पर आरके पुरम से आईजीआई टर्मिनल-1 स्टेशन के बीच अचानक मेट्रो सेवा ठप हो गई। इस सेक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। मेट्रो सेवा प्रभावित होने से बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर प्रभाव पड़ा। यात्रियों को करीब ढाई घंटे स्टेशनों पर फंसे रहना पड़ा।
विज्ञापन

6 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
डीएमआरसी के मुताबिक, ओएचई में तकनीकी खराबी के कारण सेवा रुकी। इसे ठीक करने के दौरान आरके पुरम और आईजीआई टर्मिनल-1 के बीच सिंगल ट्रैक पर मेट्रो चलाई गई। इस परेशानी के बीच बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी कॉरिडोर को दो शॉर्ट रूट में बदल दिया गया।
विज्ञापन

7 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
पहले शॉर्ट रूट पर बॉटनिकल गार्डन से आरके पुरम तक और दूसरे शॉर्ट रूट पर आईजीआई टर्मिनल-1 से जनकपुरी वेस्ट के बीच मेट्रो सेवा संचालित की गई। तकनीकी स्टाफ ने 6:40 बजे खराबी दूर कर मेट्रो सेवा को सुचारु कर दिया।

8 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
दूसरी ओर, लोग मेट्रो प्रबंधन के खिलाफ काफी नाराज दिखे। यात्रियों का कहना था कि कुछ दिन पहले ही मजेंटा लाइन का यह सेक्शन शुरू हुआ है। पहली तेज बारिश में ही मेट्रो में खराबी आ गई। जब अत्याधुनिक तकनीक वाली मेट्रो ही बारिश नहीं झेल पाई तो लाइनों का क्या हाल होगा।

9 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
कहां कितनी बारिश
दिल्ली        53.6
रिज क्षेत्र      118.4  
आयानगर     71.4 
सफदरजंग   52.4 
लोधी रोड    44.2
पालम         14.2 
गुरुग्राम        120
नोएडा          28.8
(बारिश मिमी. में)

10 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम में एक्सप्रेसवे पर 15 किमी लंबा जाम गुरुग्राम में बारिश के साथ ही गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे की रफ्तार थम गई। देर शाम तक इफ्को चौक से दिल्ली रंगपुरी तक करीब 15 किमी लंबा जाम लग गया। इससे पांच  हजार से अधिक वाहनों के पहिये थम गए। दरअसल बारिश के बाद एक्सप्रेसवे और सर्विस लेन पर भरे जलभराव के चलते कई गाड़ियां बंद हो गई। इसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

11 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार दोपहर बाद आई भारी बारिश ने लोगों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई, लेकिन सड़क पर निकले लोगों के लिए जाम भारी मुसीबत बन गया। जलभराव ने दिल्ली की रफ्तार को थाम दिया। सबसे ज्यादा दिक्कत दिल्ली के सभी अंडरपास पर हुई। मिंटो ब्रिज और इंद्रलोक से जखीरा जाने वाले अंडरपास में तो डीटीसी की बसें व कारें डूब गईं। यात्रियों को आपात द्वार से रस्सियों के जरिये बाहर निकालना पड़ा।

12 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार दोपहर बाद करीब 2:30 बजे झमाझम बारिश से कुछ ही देर में सड़कों पर जलजमाव शुरू हो गया। अंडरपास में भी पानी भरने लगा। पानी जमा होने से निकलना मुश्किल हो गया। इंद्रलोक व मिंटो ब्रिज अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया। इनमें बसें व कारें डूबने लगीं। इससे यात्रियों में अफरातफरी बन गई। भीतर फंसे लोगों को आपात द्वार से रस्सियों के सहारे किसी तरह बाहर निकाला गया।

13 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
उधर, वसंत कुंज में बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। पेड़ गिरने से डीटीसी की क्लस्टर बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यात्री किसी तरह बाहर निकाले गए। दिल्ली सचिवालय भी बारिश से अप्रभावित नहीं रहा। इमारत की छत में लीकेज से एंट्री गेट के आसपास पानी भर गया। वहीं, सचिवालय के सामने की सड़क भी बारिश के पानी से लबालब थी।

14 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
इसके अलावा आईटीओ, आश्रम, आनंद विहार, लक्ष्मीनगर चुंगी, लाजपतनगर, कालिंदी कुंज, महामाया फ्लाईओवर, चिल्ला बॉर्डर समेत बाहरी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हुआ। पीक ऑवर्स शुरू होते-होते दिल्ली थम-सी गयी। ज्यादातर सड़कों पर वाहन रेंगने पर मजबूर थे। आईटीओ, जखीरा से करोल बाग, लाजपत नगर, आईएसबीटी, कमला मार्किंट से दिल्ली गेट, मथुरा रोड़, नई दिल्ली इलाका, आश्रम, धोला कुआं आदि क्षेत्रों में भारी जाम रहा।
विज्ञापन

15 of 15
rain in delhi - फोटो : अमर उजाला
जलभराव के चलते यातायात को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन चालकों को जिधर रास्ता मिला, उधर मुड़ लिए। इससे जाम के हालात और बिगड़ गए। इस दौरान राजधानी में कई स्थानों पर पेड़ व कच्ची दीवारें भी गिर गईं। हालांकि इससे जानमाल के किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें