दिल्ली-एनसीआर को जमकर भिगोने के बाद अब मानसून की विदाई हो रही है। हालांकि, जाते-जाते मानसून ने चार दिनों में ही पूरे माह के कोटे से 39 फीसदी अधिक बारिश कर दी। महीने के 25 दिनों में 164.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि औसत वर्षा का रिकॉर्ड 118.2 मिलीमीटर है। उधर, लगातार चार दिनों की बारिश के बाद रविवार को लोगों ने रवि यानी सूरज को देखा। दिनभर धूप निकली रही और एक-दो इलाकों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह पारा चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी।