फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: लोग घरों में कैद, बाहर जवान मुस्तैद, अब भी दहशत में 35 लाख की आबादी

Mon, 02 Mar 2020 06:47 AM IST
संजीव कुमार झा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
दिल्ली हिंसा के बाद सुरक्षा में लगी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
हिंसा प्रभावित उत्तर-पूर्वी दिल्ली भले ही शांति की राह पर है, लेकिन यहां रहने वाले लगभग 35 लाख लोग अब भी दहशत में हैं। आलम यह है कि रात में पुलिसकर्मियों के गश्त के अलावा मोहल्ले के लोग भी पहरा दे रहे हैं। पुलिस बैरिकेड लगाकर लोगों ने अपनी गलियों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

उन्हें डर है कि कहीं रात के अंधेरे में फिर कोई आकर इनका चैन न छीन ले। शनिवार रात को अमर उजाला की टीम ने हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान कोई छत से टॉर्च लगाकर देख रहा था तो कोई आवाज देकर पहचान पूछ रहा था।

पेश हैं हिंसा प्रभावित इलाकों से किशन कुमार और हिमांशु सोनी की रिपोर्ट

विज्ञापन

रोड पर पसरा रहा सन्नाटा

2 of 11
ब्रह्मपुरी में रोड पर सन्नाटा - फोटो : अमर उजाला

जगह-ब्रह्मपुरी रोड। समय: रात 11:30 बजे। इस रोड पर अधिकतर होटल या खाने-पीने की दुकानें हैं। पूरी रात वाहनों की आवाजाही की वजह से यह रोड रात भर गुलजार रहता है। लेकिन शनिवार को इस रोड पर सन्नाटा पसरा था। बमुश्किल से इक्के-दुक्के लोग दिखाई पड़े। रात 11:30 से पहले ही सभी दुकानें बंद हो चुकी थीं। 

घरों की लाइटें बंद पर लोग सतर्क

जगह : जाफराबाद, समय : रात 11:45 बजे

हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित जाफराबाद इलाके में पुलिस के साथ साथ अर्द्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद दिखे। मेन रोड पर अधिकतर सार्वजनिक वाहन नहीं दिखे। सड़क पर कोई चहल-पहल नहीं दिखी। बीच-बीच में वाहनों की आवाज यहां पसरे सन्नाटे को चीर रही थी। गलियों में घरों की लाइटें बंद थी, पर रहने वाले लोग सतर्क थे। पदचाप की आवाज से ही चौंक जाते हैं।  
विज्ञापन

बैरिकेड लगा बंद की गलियां

3 of 11
बैरिकेड लगा बंद की गलियां - फोटो : अमर उजाला

जगह : मौजपुर इलाके की गली, समय : 11:47 बजे

हिंसा प्रभावित मौजपुर इलाके की सभी गलियों को लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए मुख्य सड़क पर पुलिस बैरिकेड लगा रखे हैं। जिससे कोई भी व्यक्ति गलियों में प्रवेश न ले सके। गलियों एकदम सुनसान थीं।
जिन गलियों के बाहर लोहे के गेट लगे हैं उस पर ताला लगा था। यहां की कुछ गलियों में रोशनी देखने को मिली तो कुछ गलियों में घोर अंधेरा था। वहीं, कुछ गलियों में कुछ दूरी की रोशनी के बाद अंधेरा पसर रहा था।  

मुस्तैद दिखे अर्द्धसैनिक बल के जवान

4 of 11
मुस्तैद दिखे अर्द्धसैनिक बल के जवान - फोटो : अमर उजाला

जगह: मौजपुर मेन चौक , समय : 12:05

मौजपुर मेन चौक पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने बताया कि एक उपायुक्त, तीन सहायक आयुक्त व आठ निरीक्षकों की टीम हालात पर नजर रखे हुई है। यहां चौक पर 10 मिनट रुकने के बाद मौैजपुर रोड से अर्द्धसैनिक बल की एक टुकड़ी मार्च करते हुए आ रही थी। सभी चौराहे पर पहुंचकर फैल जाते हैं और मुस्तैदी से अपनी जगहों पर खड़े हो जाते हैं। 
विज्ञापन

समय से पहले घर आ जाते हैं लोग

5 of 11
गोकलपुरी मेन रोड - फोटो : अमर उजाला

जगह: गोकलपुरी मेन रोड, समय: 12:25

गोकलपुरी मेन रोड पर भी सन्नाटा पसरा हुआ था। इस दौरान एक व्यक्ति फोन पर बात करते हुए आता दिखा। पूछने पर बताया कि पहले से शांति है, लेकिन स्थिति अब भी तनावपूर्ण है। हिंसा के बाद पुलिस व अर्द्धसैनिक बल की तैनाती के बाद यहां पर लोग निकल रहे हैं, लेकिन अभी भी लोगों में डर बना हुआ है। यही कारण है कि कर्मचारी समय से पहले घर लौट रहे हैं। 
विज्ञापन

पुलिसकर्मियों से ले रहे थे हालात की जानकारी

6 of 11
पुलिसकर्मियों से ले रहे थे हालात की जानकारी जगह, गंगा विहार - फोटो : अमर उजाला

जगह : गंगा विहार, समय :12: 40

गोकलपुरी मेन रोड से आगे बढ़ने पर गंगा विहार चौक पर जिस जगह अधिक हिंसा हुई थी, वहां पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात दिखें। कुछ लोग अपने निजी वाहनों से कार्यालयों से लौट रहे हैं। वहीं, यहां से लोग एप बेस्ड टैक्सियों से भी घर को लौट रहे हैं, लेकिन सभी के निगाहें आसपास के जले घरों को बार बार देख रही है। कुछ निकलने वाले लोग रुक कर पुलिस से मौजूदा हालात की जानकारी लेते दिखें। 
विज्ञापन

गलियों के बाहर के सुरक्षा गेट बंद 

7 of 11
यमुना विहार - फोटो : अमर उजाला

जगह : यमुना विहार, समय 1: 00 बजे

यमुना विहार में भी उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया था। मेन सर्विस रोड पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। दूर दूर तक एक भी इंसान देखने को नहीं मिला। वहीं, सर्विस रोड होने के बाद भी  वाहनों की आवाजाही बिल्कुल बंद है। गलियों में बढ़ने पर लोगों ने गलियों के बाहर लगे सुरक्षा गेटों को दोनों ओर से बंद कर रखा है। जिससे कोई भी असामाजिक तत्व कॉलोनी में प्रवेश न कर सके।

हालात सुधरे पर डर बरकरार

8 of 11
भजनपुरा, हालात सुधरे पर डर बरकरार - फोटो : अमर उजाला

जगह : भजनपुरा, समय 1: 20

भजनपुरा चौक पर जिस पेट्रोल पंप को दंगाइयों ने आग के हवाले किया था। उसे बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। वहीं, सड़क के उस पार बढ़ने पर पीर चांद बाबा की मजार के बाहर पुलिस की जिप्सी लगी थी। इतने में तीन मोटरसाइकिलों पर कुछ युवक मानवता के नाम पर पुलिस के लिए चाय लेकर पहुंचते हैं।

युवकों ने पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवानों को चाय की पेशकश की। युवकों का कहना है कि पहले से हालात सुधर रहे हैं, लेकिन दिलों में अभी भी डर है। कुछ देर रुकने के बाद युवक वापस लौट गए। 

बारिश में भी सतर्क दिखे जवान

9 of 11
करावल नगर - फोटो : अमर उजाला

जगह : करावल नगर मेन रोड, समय: 12:55

करावलनगर के मेन रोड पर आप से निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के घर के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सड़क के दोनोें ओर जवान मुस्तैद दिख रहे हैं। इस बिल्डिंग के पास अधिक हिंसा हुई थी। वहीं, यहां पर भी कुछ युवक चाय व बिस्कुट के साथ जवानों के पास पहुंच रहे हैं। हल्की बारिश की बूंदों के बीच जवान  घरों के छज्जे के नीचे खड़े हैं। जिससे भीग न सके। 

सिर्फ बड़े वाहनों की आवाजाही

10 of 11
खजूरी खास - फोटो : अमर उजाला

जगह : खजूरी चौक, समय : 2:15

खजूरी चौक पर एक बस जवानों से भरी खड़ी थी। वहीं, कुछ जवान चौक पर निगरानी कर रहे थे। मेन रोड होने के कारण सिर्फ बड़े वाहनों की आवाजाही हो रही थी, लेकिन उनकी भी  संख्या कम ही देखने को मिल रही है। तनावपूर्ण माहौल के बीच दूर दूर तक सन्नाटा पसरा हुआ है। गलियां एकदम सुनसान थी।  
विज्ञापन

हेल्मेट पहनकर निगरानी

11 of 11
घोंडा पांचवा पुस्ता - फोटो : अमर उजाला

जगह : घोंडा का पांचवा पुस्ता, समय: 2:35

हिंसा में घोंडा के विभिन्न इलाके भी अधिक प्रभावित हुए थे। रात में यहां पर नाले की पुलिया के पास भारतीय- तिब्बत सीमा बल के जवान तैनात थे। सभी ने सुरक्षा के लिहाज से हेल्मेट पहना हुआ है। पुलिया के पास से दो रास्ते निकलते हैं।

इसमें सुदामापुरी जाने वाले मार्ग पर रोशनी देखने को मिली व घोंडा चौक जाने वाले  मार्ग पर अंधेरा पसरा हुआ था। हालांकि, रोड पर कुछ दूरी पर चलने पर एक बार फिर जवान दिख जाते हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें