फरीदाबाद शहर में सोमवार को दो घंटे की झमाझम बरसात ने सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। मुख्य चौक चौराहों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बल्लभगढ़, बाटा और अजरौंदा चौक पर जलभराव से वाहनों के पहियों पर ब्रेक लग गया। ओल्ड फरीदाबाद और एनएचपीसी अंडरपास में पानी भर गया। इससे करीब तीन घंटे तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। यही स्थिति सेक्टर व कॉलोनियों में देखने को मिली।
विज्ञापन
2 of 6
फरीदाबाद में जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर गाड़ियां भी खराब हो गईं। सबसे ज्यादा खराब हालत डबुआ कॉलोनी 60 फुट रोड, सरान गांव, विधायक रोड और सेक्टर-15ए में देखने को मिली। यहां सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। बीके चौक और एनआईटी एक नंबर मार्केट से इन क्षेत्रों को जाने वाले ऑटो ने जलभराव के कारण जाने से इनकार कर दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
विज्ञापन
3 of 6
फरीदाबाद में जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
दो दिन से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। सोमवार सुबह धूप खिलने पर लोगों को बारिश की कोई उम्मीद नहीं थी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली, बूंदाबांदी और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में झमाझम बरसात ने सड़कों को तालाब बना दिया। डबुआ कॉलोनी 60 फुट रोड, जवाहर कॉलोनी, सारन गांव विधायक रोड, सेक्टर-10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 24 और 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, वायुसेना मार्ग, रेलवे रोड पर जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
4 of 6
फरीदाबाद में जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
पानी की निकासी की व्यवस्था चरमराई
दो घंटे की बारिश ने निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर पानी भर गया। बरसात के पानी के साथ सीवर की गंदगी भी घरों में घुस गई। बीके चौक, नीलम चौक, एक नंबर आदि जगहों से डबुआ जाने वाले ऑटो चालकों ने किनारा कर लिया। ऐसे में अपने गंतव्य तक के लिए सवारी न मिलने से लोग परेशान हुए। ऐसे में सवारियां दूसरों वाहन चालकों से लिफ्ट लेकर किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंची।
विज्ञापन
5 of 6
फरीदाबाद में जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाटा चौक, अजरौंदा चौक, बल्लभगढ़ चौक एक बार फिर जलभराव से तालाब बन गया। यहां यातायात व्यवस्था ठप हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग से नीलम चौक और एनआईटी की तरफ आने और जाने वालों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। यहां यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों ने पानी में उतरकर ट्रैफिक संभाला।
अंडरपास के बाहर मिस्त्रियों ने सजाई दुकानें
ओल्ड फरीदाबाद और एनएचपीसी अंडरपास में जलभराव होने से उसमें कई वाहन फंस गए। जो भी वाहन अंडरपास से निकलने की कोशिश करता, साइलेंसर में पानी जाने से वह बंद हो जाता। ऐसे में इलाके के कुछ ऑटो मिस्त्रियों ने यहां अपनी दुकानें सजा लीं। अंडरपास से बाहर आने के बाद बंद हुए इन वाहनों को चालू करने में इन लोगों ने जमकर चांदी काटी।