दिल्ली के उपराज्यपाल ने केजरीवाल सरकार के न्यूनतम मजदूरी बिल को अपनी स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही अब दिल्ली के मजदूर को होली पर यह सरकार का बड़ा तोहफा होगा।
इस बिल के तहत मजदूरों की आय में 36 प्रतिशत तक की वृद्धि हो जाएगी। अब बढ़ी हुई राशि के बाद 13,350 रुपया प्रतिमाह न्यूनतम मजदूरी होगी। इस बिल के पास हो जाने के बाद से दिल्ली में कम वेतन में काम कर रहे लोगों को फायदा होगा।
हालांकि यह बढ़ोतरी दिल्ली सरकार द्वारा पिछली न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि के लिए की गई सिफारिश से करीब 10 से 15 प्रतिशत कम है। जिसपर पूर्व उपराज्यपाल ने मंजूरी नहीं देकर कमेटी गठित कर दी थी। इस कमेटी की सिफारिशों पर ही सरकार ने यह वृद्धि दर पुन: निर्धारित की है।