दिल्ली की जहरीली हवा अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। प्रदूषण बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात यह हैं कि मेडिसिन ओपीडी में आने वाले हर चार मरीजों में से एक को सांस लेने में परेशानी हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में सांस और दिल से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों, अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को हो रही है। गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल, स्वामी दयानंद, जग प्रवेश चंद्र, राजीव गांधी सुपर स्पेशियालिटी और लाल बहादुर शास्त्री समेत अन्य अस्पताल में भी मरीज इलाज के लिए पहुंचे।