भाजपा के पूर्व विधायक अनिल झा के अमन विहार स्थित कार्यालय में चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने कार्यालय से हजारों रुपये के अलावा अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिये बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
अनिल झा सपरिवार इंद्रपुरी में रहते हैं। वह किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। फिलहाल उनकी पत्नी अभी मुबारकपुर डबास से निगम पार्षद हैं।
इंद्र एन्क्लेव में उनका स्थायी आवास व कार्यालय है। शुक्रवार को अनिल ने पुलिस को कार्यालय में चोरी होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजे कार्यालय के कर्मचारी ने फोन कर बताया कि पहली मंजिल पर ताला तोड़कर चोरी हुई है।
जांच में पता चला कि 32 हजार रुपये, सोने के गहने, पेंशन के भरे हुए ढाई सौ फॉर्म, निगम पार्षद की तीन मोहरे, प्रॉपर्टी के कागजात, टीवी, कंप्यूटर, विधायक की शैक्षणिक डिग्री व अन्य सामान गायब था।