फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिलाओं को घर में बंधक बना लूट कर रहे बदमाशों ने गार्ड को मारी गोली, मौत

Thu, 07 Sep 2017 09:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
1 of 7
murder in noida - फोटो : अमर उजाला
पॉश सेक्टर-44 में प्लंबर बनकर दिनदहाड़े घर में घुसे तीन बदमाशों ने दो महिलाओं को बंधक बनाकर लूटपाट का प्रयास किया। महिलाओं के शोर मचाने पर बदमाशों ने उन्हें तमंचे की बट मार घायल कर दिया। मदद के लिए पहुंचे पड़ोसी के गार्ड की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लोगों ने एक बदमाश को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके साथियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

खुला हुआ था घर का मुख्य गेट

2 of 7
लुटेरों द्वारा की गई घायल महिला - फोटो : अमर उजाला
लूटपाट की ये सनसनीखेज वारदात बुधवार दोपहर सेक्टर-44 के सी-83 में रहने वाले विनोद दयाल के घर में हुई है। विनोद, पत्नी टीना के साथ सेक्टर-18 में इंस्टीट्यूट ऑफ जर्मन स्टडीज चलाते हैं। बुधवार को बदमाशों ने जब उनके घर को निशाना बनाया, विनोद और उनकी पत्नी इंस्टीट्यूट गए थे। इस घर में विनोद की लगभग 80 वर्षीय सास ऊमी और साली भी रहती हैं। बुधवार दोपहर घर पर ऊमी और इनकी नौकरानी सावित्री मौजूद थीं। इनके घर के प्रथम तल पर लड़कियों का पीजी चलता है। इसलिए घर का मुख्य गेट दिन में ज्यादातर खुला रहता है। दोपहर करीब ढाई बजे दो युवक इनके मुख्य गेट से अंदर घुसे और भूतल पर विनोद दयाल के घर का दरवाजा खटखटाया।
विज्ञापन

प्लंबर के बारे में पूछने से पहले गेट खोल दिया

3 of 7
murder in noida - फोटो : अमर उजाला
विनोद की सास ऊमी गेट पर पहुंची तो दोनों युवकों ने बताया कि वह प्लंबर हैं और टोटी सही करने आए हैं। इस पर ऊमी ने दामाद विनोद को फोनकर प्लंबर भेजने के बारे में पूछा। इससे पहले की विनोद मना करते, ऊमी गेट खोल चुकी थीं। दोनों बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचे की बट से हमला किया और अंदर घुस गए। उनकी चीख सुनकर घर का काम कर रही नौकरानी सावित्री भी दरवाजे की तरफ भागी। उसने भी मदद के लिए शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उस पर भी तमंचे की बट से हमला कर दिया।

गार्ड ने पकड़ने का प्रयास किया तो मारी गोली

4 of 7
गार्ड रामाशंकर - फोटो : अमर उजाला
विनोद ने बताया कि दूसरी तरफ वह फोन पर घर में मची चीख पुकार सुन रहे थे। उन्होंने तत्काल मदद के लिए घर के पास बैठने वाले दर्जी श्रीपाल को फोन किया। दर्जी ने मकान नंबर सी-78 में तैनात गार्ड बालकिशन शर्मा को बुलाया। दोनों मदद के लिए विनोद के घर पहुंचे। बदमाश उस वक्त घर में लूटपाट कर रहे थे और ऊमी घायल अवस्था में फर्श पर लहूलुहान गिरी पड़ी थीं। गार्ड बालकिशन ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने गोली चला दी। गोली गार्ड के पेट में लगी और वह भी गिर पड़ा। उधर, गोली की आवाज सुनकर और शोर-शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग वहां एकत्र हो गए। लोगों ने गोली चलाने वाले बदमाश को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। लोगों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर दी।
विज्ञापन

इलाज केदौरान गार्ड की हुई मौत

5 of 7
पुलिस द्वारा बरामद की गई पल्सर बाइक - फोटो : अमर उजाला
इतनी देर में सूचना पाकर थाना सेक्टर-39 पुलिस और विनोद भी घर पहुंच गए। पुलिस को मौके से काली फिल्म वाली एक सेन्ट्रो कार (डीएल 7सीपी 6298) और एक पल्सर बाइक बरामद हुई है। कार में मोबाइल भी मिला है। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर बदमाश सहित चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गार्ड बालकिशन और नौकरानी सावित्री को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि ऊमी को भारद्वाज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान गार्ड बालकिशन ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

फॉरेंसिक टीम ने मौके से लिए नमूने

6 of 7
सबूत बटोरती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती बदमाश के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। उसके फरार साथियों के बारे में भी पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच के लिए घर से नमूने एकत्र किए हैं। गार्ड और दर्जी की बहादुरी से बदमाश लूटपाट करने में नाकाम रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

बेटी की शादी के लिए लड़का तलाश रहा था बालकिशन

7 of 7
गार्ड के परिजन - फोटो : अमर उजाला
बदमाशों की गोली का शिकार होने वाला गार्ड बालकिशन (45) सी-78 कोठी पर लगभग पांच साल से तैनात था। मूल रूप से फिरोजाबाद निवासी बालकिशन की पत्नी भी उसी कोठी पर काम करती हैं। दर्जी श्रीपाल ने बताया कि बालकिशन की दो बेटियां और दो बेटे हैं। बच्चे गांव में पढ़ाई करते हैं। श्रीपाल के अनुसार बालकिशन अपनी बड़ी लड़की की शादी के लिए लड़का तलाश रहा था। बालकिशन बहुत ही मिलनसार था और हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें