शीतलहर चलते गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकली युवतियां
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार सुबह दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर की स्थिति और घने कोहरे की चादर रही। इस वजह से पालम में सुबह 5:30 बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई। पंजाब के बठिंडा में दृश्यता 0, अमृतसर, अंबाला में 25, हिसार में 50 रही। सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री दर्ज हुआ। रविवार को अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। अभी दो से तीन दिन तक शीत लहर व सर्द दिन की स्थिति बने रहने की संभावना है। कोहरा भी परेशान करता रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है। सोमवार को राजस्थान में कहीं-कहीं पर गंभीर शीत लहर और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर की स्थिति रही। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में अधिकांश स्थानों पर दिल्ली में कई स्थानों पर और उतराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर सर्द दिन से अति सर्द दिन की स्थिति रही।