राजधानी में श्रद्धा वालकर हत्याकांड की तरह एक और वारदात सामने आई है। पत्नी पूनम देवी (48) ने बेटे दीपक (25) के साथ मिलकर पति अंजन दास (48) की चाकू से 35 से ज्यादा वारकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों ने पहले शरीर से खून बहाया और फिर शव के 10 टुकड़े कर पॉलिथीन में पैक कर फ्रीज में रख दिया। इसके बाद तीन-चार दिन तक शव के टुकड़ों को त्रिलोकपुरी और पांडव नगर में फेंकते रहे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पांडव नगर में मानव शरीर के टुकड़े मिलने के सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझाते हुए सोमवार को मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। अंजन दास के शव के छह टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं।