शुक्रवार रात तीर्थनगरी हरिद्वार में हुई मूसलाधार बारिश से शहर में कई जगह भारी जलभराव हो गया है। तस्वीरों में देंखे... रात को हरिद्वार में हुई मूसलाधार बारिश से कई घरों में जलभराव हो गया और घर में रखे सामान को खासा नुकसान पहुंचा। यहां तेज बारिश से औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्टरियों में पानी घुस गया। फैक्टरियां मलबे से पट गईं। कल रात मूसलाधार बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में पार्क की दीवार गिर गई। जिससे कई वाहनों का नुकसान पहुंचा है। उत्तरी हरिद्वार और रानीपुर मोड़ के पास भी कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। हरिद्वार जनपद में पांच अगस्त तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने इस अवधि में 51 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। आईआईटी स्थित कृषि मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुुसार, 31 जुलाई से पांच अगस्त तक जिले में कुल 51 मिमी. बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान मध्यम से घने बादल छाए रहने और छह-सात किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से मुख्यतया दक्षिणी-पूर्वी दिशा से हवा चलने की संभावना है। दो व तीन अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बरसात होने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है बनी हुई है।