उत्तराखंड के कुमाऊं में लगातार हो रही बारिश के चलते रुद्रपुर शहर की सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। वहीं देर शाम कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से इसके किनारे स्थित बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं, गूलरभोज बंगाली बस्ती वार्ड नंबर चार और ग्राम खोपा सिग्नल में कई घर पानी में डूब गए।उफनती नदी का पानी घरों में घुस गया और लोग कल्याणी के रौद्र रूप को देखकर आशंकित हैं।
पुलिस प्रशासन की टीमों ने सबसे प्रभावित एक हजार लोगों को सुरक्षित निकाल दिया है। सीओ के अनुसार डेढ़ सौ लोगों को भूतबंगला क्षेत्र में दो सरकारी स्कूलों में ठहराया गया है और उनके खाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरफ की टीमें तैनात रहेंगी।
नैनीताल: सरोवर नगरी में मूसलाधार बारिश से उफनाई नैनीझील, माल रोड तक आया पानी, तस्वीरें
सोमवार को दिनभर हुई बरसात के बाद शाम को अचानक कल्याणी नदी उफान पर आ गई। इसके चलते कल्याणी नदी किनारे स्थित जगतपुरा, मुखर्जीनगर, शिवनगर, भूतबंगला, रविंद्रनगर, संजयनगर के निचले क्षेत्रों में पानी घुस गया। इन बस्तियों की गलियां लबालब होने के साथ ही बाढ़ का पानी घरों में घुस गया। इससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया।