प्रदेशभर में आज शुक्रवार को भी मौसम विज्ञान की ओर से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। बारिश और मलबा आने से पहाड़ों पर सड़कों का बुरा हाल है। गुरुवार देर शाम से पागल नाले के पास बंद बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अब खोल दिया गया है। सभी वाहनों को हेलंग में रोका गया था, लेकिन अब आवाजाही शुरू कर दी गई है।
दूसरी तरफ ऋषिकेश गंगोत्री हाईवे चौथे दिन वाहनों की आवाजाही के लिए खुल गया है। नरेंद्रनगर की समीप बगड़धार में यातायात के लिए बंद था, जिसे सुचारू कर दिया गया है। बार-बार चट्टान से पत्थर गिरने और लगातार कोहरा छाने के कारण सीमा सड़क संगठन को हाईवे खोलने में कामयाबी नहीं मिल पा रही थी।
सड़क के दोनों ओर से मशीन कार्य कर रही थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि अब हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। ऋषिकेश गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली।