इस साल हुई भारी बर्फबारी के चलते बदरीनाथ धाम अभी तक बर्फ से ढका हुआ है। यहां करीब आठ से दस फीट तक बर्फ जमी है। वहीं मार्ग भी बर्फ से अटा पड़ा है। इस सीजन में दिसंबर के बाद से लगातार बर्फबारी होती रही है, जिसके चलते बदरीनाथ धाम बर्फ से ढका हुआ है। बदरीनाथ मंदिर ही नहीं बल्कि पूरा बाजार बर्फ की आगोश में है। यदि फिर बर्फ पड़ती है तो धाम के कपाट खुलने तक वहां भारी मात्रा में बर्फ रह सकती है। कुछ दिनों से मौसम साफ होने से बर्फ पिघली शुरू हुई है, लेकिन अभी भी वहां इतनी बर्फ है कि उसे पूरी तरह से पिघले में काफी समय लग जाएगा। वहीं केदारनाथ धाम में बीते डेढ़ माह में चार बार हो चुकी भारी बर्फबारी से पैदल मार्ग से लेकर केदारपुरी लकदक है। मंदिर परिसर में ही छह से 16 फीट तक बर्फ जमी है।