कोरोना काल में लंबे सन्नाटे के बाद अब उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों में रौनक लौट रही है। शनिवार को पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भीड़ नजर आई। इतना ही नहीं यहां लोगों को बार-बार जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा। पर्यटकों को कोई परेशानी न हो इसके लिए मसूरी में पर्याप्त पुलिस तैनात की गई है। इसी तरह राजधानी देहरादून के पर्यटन स्थलों में भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुच्चुपानी में काफी अच्छी संख्या में लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे। इस दौरान कई लोग मास्क लगाए दिखे तो कई लोग बिना मास्क के घूमते मिले। वीकेंड के मौके पर भी नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में सुबह से ही सैलानियों की भीड़ लगी रही। माल रोड में सुबह से ही वाहन रेंगते रहे। नैनीताल के अधिकांश पर्यटक स्थलों में खासी भीड़ है। कोरोना काल के बाद बढ़ी भीड़ के चलते नौका चालक, घोड़ा चालक, होटल व्यवसाई, फोटोग्राफर, गाइड समेत पर्यटन से जुड़े हुए तमाम लोग बीते दो-तीन दिनों से व्यस्त हैं।