snowfall
जोशीमठ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पडने लगी है। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, औली, गौरसों बुग्याल, नंदा घुंघटी सहित नीती और माणा घाटी में बृहस्पतिवार को भी दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। बारिश-बर्फबारी से जिले में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। औली में बर्फबारी का मजा लेने के लिए पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। जिले में शाम और सुबह सर्द हवाएं चलने से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। जोशीमठ, गोपेश्वर, पोखरी, घाट, पीपलकोटी, नंदप्रयाग, थराली, देवाल, नारायणबगड़ और गैरसैंण क्षेत्रों में शाम को समय से पहले बाजारों में भी सन्नाटा पसर रहा है। लोग बाजार से आवश्यक सामग्री लेकर अपने घरों में दुबक रहे हैं।