कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी केदारनाथ की धार्मिक यात्रा से मौनी बाबा का एक मंत्र लेकर लौटे हैं। यह मंत्र है डरो मत, भय मन का वहम है। केदारनाथ से लौटने के एक हफ्ते बाद राहुल गांधी ने अपनी यात्रा का एक वीडियो एक्स पर अपलोड किया है।
इस वीडियो में राहुल रात के समय केदारपुरी में मौनी बाबा की कुटिया में बैठे हैं और उनसे प्रश्न कर रहे हैं। इन प्रश्नों के उत्तर बाबा लिखकर दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। एक्स पर राहुल लिखते हैं, भय मन का वहम है। केदारनाथ में मौनी बाबा से डरो मत का रहस्य और उनकी वर्षों की तपस्या को नजदीक से जाना।
इस छोटे से वीडियो में राहुल कुटिया में मौनी बाबा से संवाद करने के अलावा वहां भोजन करते हुए भी दिख रहे हैं। बाबा से राहुल पूछ रहे हैं, आपने 11 साल मौन क्यों रखा? मौनी बाबा जवाब लिखकर दे रहे हैं। लिखा, ये तो केदार बाबा ही जानें। 11 साल न बोलने के बाद आप में क्या बदलाव दिखा? जवाब में मौनी बाबा ने लिखा, सब केदार बाबा की मर्जी।