दून में ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने वाले रेलवे अफसर सुनील बलूनी के परिजनों और साथी रेलकर्मियों ने दोषियों को फांसी की सजा मांगी है। गुस्साए परिजनों ने शव को स्टेशन पर रखकर रेल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुनील बलूनी ने मंगलवार को ट्रेन से कटकर जान दी थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को बलूनी के पार्सल दफ्तर के बाहर लाया गया। परिजनों ने रेलवे विजिलेंस के साथ ही रेलवे के अफसरों को भी खरी खोटी सुनाई। परिजनों का आरोप था कि रेलवे अफसरों की मिलीभगत से ही स्टेशन पर दलाल सक्रिय हैं। इन्हीं दलालों की साजिश से ईमानदार अफसर को जान गवांनी पड़ी।