आज रात नौ बजे मोदी डिस्कवरी के 'मैन वर्सेज वाइल्ड' में बेयर ग्रिल्स के साथ कार्बेट के खतरनाक जंगलों में साहस से लबरेज नजर आएंगे। इस एपीसोड की शूटिंग कॉर्बेट में फरवरी में हो चुकी थी। शूटिंग के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने जंगल के हर पहलू को जाना। उत्तराखंड में रामनगर के लोगों में भी काफी उत्साह है, क्योंकि अब उनका लोकप्रिय कॉर्बेट नेशनल पार्क 180 देशों में देखा जाएगा। पीएम मोदी का कॉर्बेट पार्क में डिस्कवरी के लिए शूटिंग करना बेहद गोपनीय था। हालांकि अमर उजाला ने अपने पाठकों को इसकी जानकारी 16 फरवरी को दे दी थी। पीएम मोदी ने कॉर्बेट के सफर की शुरुआत कालागढ़ रेंज से शुरू की थी। पीएम को कालागढ़ से ढिकाला तक बीस किलोमीटर के सफर को तय करने में दो घंटे लग गए थे। उस दिन तेज हवा और बारिश से रामगंगा नदी की लहरें उफान मार रहीं थीं। ऐसे हालात में वनकर्मी खुद रामगंगा में बोटिंग से कतराते हैं। बावजूद इसके पीएम मोदी ने उफनती लहरों की परवाह किए बगैर सफर जारी रखा। ढिकाला पहुंचने के बाद पीएम ने डिस्कवरी चैनल के लिए बेयर ग्रिल्स के साथ शूटिंग की। ढिकाला चौड़, सावर रोड, गैठिया रौ, खिनानौली के साथ रामगंगा नदी में शूटिंग के दौरान पीएम मोदी ने पार्क की जैव विविधता को नजदीक से निहारा। सीटीआर निदेशक राहुल ने बताया कि कॉर्बेट भ्रमण के दौरान पीएम बेहद सरल दिखाई दिए। उनकी सादगी को देखकर सभी प्रभावित हुए। खिनानौली में बैठक करने के बाद पीएम मोदी ने वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई। पीएम ने ग्रुप फोटो खिंचवाकर हर वन कर्मी को खुश किया।