उत्तराखंड में शनिवार को कई स्थानों पर आपदा प्रबंधन से जुड़ी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मसूरी और हरिद्वार में हुए अभ्यास के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।
मसूरी में गन हिल से माल रोड तक संचालित रोपवे में एसडीआरएफ, पुलिस और विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल की। इस दौरान रोपवे की ट्रॉलियों की क्षमता, आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था और सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता जांची गई। अभ्यास के जरिए यह भी परखा गया कि किसी हादसे की स्थिति में संबंधित विभाग कितनी तेजी और आपसी तालमेल से बचाव कार्य कर सकते हैं।
वहीं, हरिद्वार में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जिले के 11 अलग-अलग स्थानों पर मॉक अभ्यास किया गया। इसमें बाढ़, भगदड़, अग्निकांड, भूकंप और सड़क दुर्घटना जैसी आपदाओं की परिस्थितियां तैयार की गईं। इस दौरान प्रशासन और संबंधित विभागों की तत्परता, उपलब्ध संसाधनों और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का आकलन किया जा रहा है।