पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के रमता पंच जमात के संत कुंभनगरी हरिद्वार पहुंच गए। गुरुवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों ने जमात का भव्य स्वागत किया। इसके बाद जमात मुख्य बाजार से होते हुए गुजरी। इस दौरान स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जमात पर पुष्पवर्षा की। एसएमजेएन पीजी कॉलेज छावनी में पहुंचने पर मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी कुम्भ संजय गुंज्याल और अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह ने संतों को फूल माला पहनाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। संतों ने छावनी में ठहरने और भोजन को व्यवस्थाएं तैयार करना शुरू कर दिया है। तीन मार्च को एसएमजेएन पीजी कॉलेज से ही पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की पेशवाई निकलेगी। बता दें कि शैव संन्यासी संप्रदाय, बैरागी और उदासीन संप्रदाय के अखाड़ों की धर्म ध्वजा और पेशवाई निकाले जाने की तिथियां घोषित हो गई हैं। सभी अखाड़े अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। पेशवाइयां भव्य निकाली जाएंगी। इनमें हाथी, रथ, घोड़ों के अलावा देवभूूमि की सांस्कृतिक झलक के साथ कोविड बचाव का संदेश दिया जाएगा। हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। हजारों की संख्या में साधु, संत और महापुरुष शामिल होंगे।