रुड़की मंडी समिति में दिन दहाड़े लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने दिन दहाड़े एक आढ़ती से दुकान में घुसकर तीस हजार रुपए लूट लिए। जानकारी के अनुसार बाद में व्यापारियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रामपुर चुंगी रुड़की स्थित मंडी समिति में आढ़ती की दुकान पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और खुद को एक कंपनी के कर्मचारी बताया। उन्होंने 10-12 बोरे चावल खरीदने की बात कही। इस दौरान आढ़ती 50 हजार की नोटों की गड्डी गिन रहा था। इसी बीच एक बदमाश ने नोट झपट लिए और बाइक पर भागने लगा। दूसरा बदमाश जैसे ही बाइक पर पीछे बैठने लगा तो व्यापारियों ने उसे दबोच लिया। जबकि उसका साथी रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है।