फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: शिक्षा मंत्री पांडेय के काफिले को देख भड़के किसान, गांव में जाने पर किया हंगामा, तस्वीरें... 

Tue, 05 Jan 2021 11:51 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बाजपुर
विज्ञापन
1 of 6
बाजपुर में शिक्षा मंत्री को देख हंगामा करते किसान - फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में कृषि कानूनों का समर्थन करने वाले नेताओं और मंत्रियों का किसानों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। सोमवार को किसानों ने काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा का विरोध किया था, वहीं मंगलवार को बाजपुर क्षेत्र के ग्राम सभा बासंखेड़ा के उपग्राम विजय रम्पुरा स्थित जनजाति प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को किसानों का जबर्दस्त विरोध झेलना पड़ा। 
विज्ञापन

2 of 6
बाजपुर में हंगामा करते किसान - फोटो : अमर उजाला
किसानों ने कहा कि वे शिक्षा मंत्री को गांव में नहीं घुसने देंगे। हंगामा बढ़ने पर पुलिस अधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को दूसरे रास्ते से कार्यक्रम स्थल पहुंचाया। किसानों को इसकी भनक लगी तो वे भी स्कूल में जा धमके और शिक्षा मंत्री का विरोध शुरू कर दिया। हालांकि भारी विरोध के बावजूद शिक्षा मंत्री ने स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। 
विज्ञापन

3 of 6
बाजपुर में हंगामा करते किसानों को रोकती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
बाजपुर के ग्राम बांसखेड़ा के उपग्राम विजय रम्पुरा स्थित जनजाति प्राथमिक विद्यालय की दो छात्राओं का एकलव्य आवासीय विद्यालय बाजपुर और खटीमा में चयन होने पर स्कूल में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शिक्षा मंत्री पांडेय बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने जा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के किसान एकत्र हो गए। किसानों ने शिक्षा मंत्री के कुछ समर्थकों के समक्ष कृषि कानूनों का समर्थन करने वालों का विरोध करने और उन्हें गांव में नहीं घुसने देने की चेतावनी दी। काफी देर तक किसान गांव आने वाले मोड़ पर प्रदर्शन करते रहे और दरी बिछाकर वहीं बैठ गए। 

4 of 6
हंगामा करते किसानों को रोकती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
जब किसान कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो किसानों की भीड़ को देखकर पुलिस अफसरों के हाथ पांव फूल गए। स्कूल गेट पर खड़ी गाड़ी में बैठे शिक्षा मंत्री पांडेय को देखते ही किसान आक्रोशित हो गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस अधिकारियों ने घेरा बनाकर शिक्षा मंत्री को गाड़ी से उतारकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। इस दौरान किसानों ने की पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई और खूब हंगामा भी हुआ।
विज्ञापन

5 of 6
बाजपुर में किसानों से बात करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
स्कूल गेट पर किसानों के हंगामे के चलते शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय करीब 20 मिनट तक अपनी गाड़ी में ही बैठे रहे।  किसानों तेवर देख प्रशासनिक अधिकारियों ने केलाखेड़ा, गदरपुर, बाजपुर सहित आसपास के थानों से पुलिस फोर्स को मौके पर बुलवा लिया। किसानों ने कहा कि दिल्ली जाकर काले कानूनों का समर्थन करने वाला मंत्री और कोई भी नेता किसानों का हितैषी नहीं हो सकता। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
बाजपुर में हंगामे के दौरान भीड़ - फोटो : अमर उजाला
शिक्षा मंत्री, अरविंद पांडेय ने कहा कि जो किसान आंदोलन में हैं, वह हमारे अपने हैं। उनके खिलाफ  हम नहीं जा सकते। उनके समाधान के लिए केंद्र सरकार बैठी है। किसानों के आंदोलन की आड़ में कुछ गुंडे-बदमाश किसानों को हथियार बनाकर चाल चल रहे हैं, जिन्हें सफल नहीं होने दिया जाएगा। हम गांव विजय रम्पुरा के विरोध को विरोध नहीं मानते हैं। हम किसानों का सम्मान करते हैं। केंद्र सरकार जो निर्णय लेगी, वह सर्वमान्य है। विरोध के पीछे कुछ कांग्रेसी हैं। एक प्रायोजित तरीके से चुनावी लाभ लेने के लिए ऐसा किया जा रहा है। कुछ लोग स्टंटबाजी कराकर प्रत्याशी बनने के लिए खुद की जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें